मुरादाबाद: मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, निकाला मशाल जुलूस
कल से 72 घंटे हड़ताल पर रहने का दिया है अल्टीमेटम
मुरादाबाद, अमृत विचार। पूर्व में मांगों को लेकर हुए समझौते के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं होने से एक बार फिर बिजली कर्मचारी हड़ताल पर जा रहे हैं। 16 मार्च से 72 घंटे तक बिजली कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। वे कोई कार्य नहीं करेंगे। इससे हड़ताल अवधि में बिजली व्यवस्था चरमरा सकती है। मंगलवार शाम कर्मचारियों ने मशाल जुलूस निकाला।
बिजली कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांग को लेकर आवाज उठा रहे हैं। इसकी अनदेखी करने पर अब 16 मार्च की रात से अगले 72 घंटे तक हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर ऊर्जा निगम के प्रबंधन पर विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने वादा खिलाफी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि तीन दिसंबर को ऊर्जा मंत्री की मौजूदगी में हुए समझौते का पालन न होने से विरोध किया जा रहा है।
अल्टीमेटम दिया है कि यदि 16 मार्च तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो उसी रात 10 बजे से सभी ऊर्जा निगमों के बिजली कर्मचारी, जूनियर इंजीनियर, संविदा कर्मी, 72 घंटे के हड़ताल पर चले जाएंगे। इसमें एसई, एक्सईएन, एसडीओ भी शामिल रहेंगे। हड़ताल की वजह से बिजली से संबंधित कार्य ठप होने की संभावना को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। शाम को मुख्य अभियंता के कार्यालय से लेकर चौधरी चरण सिंह चौक तक बिजली कर्मचारियों ने मशाल जुलूस निकाला। नगरीय विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता एसके सिंह ने बताया कि इस हड़ताल में सभी कर्मचारी रहेंगे। विभाग के अधिकारियों से लेकर कर्मचारी भी शामिल होंगे। हालांकि समस्या समाधान के प्रति सबको उम्मीद है।
यह हैं कर्मचारियों की मांग
हड़ताल के लिए अल्टीमेटम देने वाली विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति की मांग है। इनमें पुरानी पेंशन योजना की बहाली, प्रोन्नति, कैशलेस इलाज की सुविधा, संविदा कर्मचारियों को नियमित करना, बिजली कर्मचारियों व पेंशनरों को पूर्व की तरह रियायती बिजली सुविधा देना, उत्तर प्रदेश विद्युत परिषद का पुनर्गठन आदि शामिल हैं।
बिजली कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने को देखते हुए व्यवस्था सुचारू बनाने का पूरा प्रयास रहेगा। वैकल्पिक प्रबंध कर रहे हैं। संविदा कर्मचारियों से लेकर दूसरे विकल्प का सहारा लिया जाएगा। अभी एसई, एक्सईएन के हड़ताल पर रहने की स्थिति साफ नहीं है। एनके मिश्र, मुख्य अभियंता विद्युत मुरादाबाद मंडल
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : यौन शोषण का शिकार युवती ने फंदे से लटक कर दी जान
