अयोध्या: दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट, भाजपा पार्षद पर पिस्टल लेकर दौड़ाने का आरोप
.jpg)
अमृत विचार, अयोध्या। होली के मौके पर बुधवार को नगर कोतवाली क्षेत्र के कंधारी बाजार मोहल्ले में दो पक्षों में भिड़त हो गई। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हुए। एक पक्ष ने भाजपा पार्षद पर पिस्टल लेकर दौड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिस्टल कब्जे में ली है। दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कोतवाल अश्विनी पांडेय ने गुरुवार को बताया कि कंधारी बाजार निवासी विजय गौड़ की तहरीर के अनुसार वे अपने दोस्तों के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान मनूचा कालेज गली में पार्षद बुद्धिपाल प्रजापति ने रोक कर अपशब्द कहना शुरू कर दिया। विरोध करने पर पुत्र सौरभ प्रजापति के साथ मिलकर बुरी तरह मारा पीटा और पिस्टल लेकर दौड़ा लिया। कोतवाल नगर ने बताया कि पार्षद व उनके पुत्र सौरभ प्रजापति व एक अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि पिस्टल पुलिस के कब्जे में है।
उन्होंने बताया कि पार्षद ने तहरीर दी है कि वे घर के लोगों के साथ होली मना रहे थे तभी टकसाल निवासी पंकज और रंजीत सोनी व एक अन्य आए और धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिसमें पुत्र और भतीजे को भी चोट आई है। दोनों पक्षों की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें - उमेश पाल हत्याकांड: Murder के लिए डेढ़ महीने में 4 बार की गयी रेकी, एकलौता बाहरी Shooter था उस्मान