जम्मू कश्मीर में आप को लगा झटका, हर्ष देव सिंह ने दिया पार्टी से इस्तीफा
जम्मू। जम्मू कश्मीर में आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता हर्ष देव सिंह ने गुरुवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। सिंह ने आप पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को एक पत्र लिखकर कहा कि उन्होंने जम्मू कश्मीर के अध्यक्ष पद के साथ-साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा “ कुछ व्यक्तिगत कारणों से अब मैं आम आदमी पार्टी में नहीं रह सकता और इसलिए तत्काल प्रभाव से इसे छोड़ रहा हूं।”
ये भी पढ़ें - गोवा: ब्रिटिश PM की पत्नी से मुलाकात के बाद सुर्खियों में आया मछुआरा
उन्होंने कहा कि इस पत्र को राज्य में पार्टी के अध्यक्ष पद और इसकी प्राथमिक सदस्यता से उनका इस्तीफा माना जाना चाहिए। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, हर्ष देव सिंह अपनी मूल संस्था पैंथर्स पार्टी को पुनर्जीवित कर सकते हैं। सिंह 2012 से 2022 तक जम्मू और कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के अध्यक्ष रहे हैं।
वह रामनगर निर्वाचन क्षेत्र 1996 से 2014 तक लगातार तीन बार विधायक चुने गये । वर्ष 2002 से 2008 तक जम्मू कश्मीर के शिक्षा मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल में अंग्रेजी को पहली कक्षा से एक अनिवार्य भाषा बनाया गया था। वह 07 मई, 2022 को आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे।
ये भी पढ़ें - सरकार की OTT प्लेटफॉर्म लाने, डायरेक्ट-टू-मोबाइल टीवी परीक्षण और FM नीलामी की योजना
