Kanpur Weather News : रात की सर्दी ने तोड़ा 20 साल का रिकार्ड, बर्फीली हवा ने बढ़ाई गलन

Amrit Vichar Network
Published By Kanpur Digital
On

Kanpur Weather News कानपुर में बर्फीली हवा ने बढ़ाई गलन।

Kanpur Weather News कानपुर में रात की सदी ने 20 साल का रिकार्ड तोड़ा। इसमें बर्फीली हवा ने गलन बढ़ाई। सीजन में दूसरी बार दो डिग्री सेल्सियस पारा हुआ। अभी 21 जनवरी तक राहत नहीं।

कानपुर, अमृत विचार। Kanpur Weather News मंगलवार को सर्दी ने सितम ढहाते हुए 20 साल का रिकार्ड तोड़ दिया। इस रिकार्ड के साथ ही इस सीजन में दिन और रात के तापमान में सबसे ज्यादा का अंतर भी रहा है। दिन में तेज धूप निकलने की वजह से जहां अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं रात में यह पारा गिरकर दो डिग्री सेल्सियस हो गया। इसके चलते लोगों को कंपकंपी का अहसास हुआ। इतना कम तापमान इससे पहले 2003 में था।

तड़के पारा काफी कम था। जिससे लग रहा था कि पूरे दिन सर्दी सताने वाली है। हालांकि मौसम साफ होने से सूरज निकले और घनी धूप छाई। धूप तेज थी, लेकिन बर्फीली हवाओं का भी खूब असर था, इस वजह से पारा दिन में भी 20 डिग्री को नहीं छू सका। इस वजह से लोगों को ठंड का अहसास भी रहा।

लेकिन, जैसे-जैसे दिन ढलना शुरू हुआ पारा भी तेजी के साथ लुढ़कना शुरू हो गया। धूप जाते ही पारा और ज्यादा लुढ़क गया और शीत लहर का असर तेज हो गया। ठंडी व बर्फीली हवाएं तेज हो गईं और उस वजह से लोगों को परेशानी सताने लगी। सड़कों पर रिक्शा, टेंपो, रेहड़ी आदि लगाने वाले लोगों ने अलाव जलाकर रात काटी तो वहीं ठंड की वजह से लोग घर पहुंचकर दुबक गए। ब्लोवर और रूम हीटर की मदद से उन्होंने ठंड से बचने का प्रयास किया।

सीएसए के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि दो डिग्री सेल्सियस तक पारा इससे पहले 20 साल पहले लुढ़का था। न्यूनतम पारे का यह रिकार्ड टूटा है। अभी और सर्दी होने की संभावानाएं हैं। 21 जनवरी तक ठंड ठिठुरन बढ़ाती रहेगी। उसके बाद ही मौसम में अंतर दिखना शुरू होगा।

हल्का कोहरा छाएगा, बारिश भी हो सकती है

- मौसम विभाग ने अभी करीब चार से पांच दिनों तक हल्का कोहरा छाने की संभावनाएं जताई हैं। बारिश भी हो सकती है। मौसम विज्ञानी के अनुसार बारिश होती है तो ठिठुरन और बढ़ सकती है। 21 जनवरी के बाद ही मौसम में अंतर दिखना शुरू होगा। हालांकि दिन में धूप भी निकलने की पूरी संभावनाएं हैं। जिस दिन बारिश होगी, उस दिन बादल छाए रहने की भी संभावना बनी रहेगी।

इस सीजन में 10 दिन बाद दो डिग्री पर लुढ़का पारा

- इस सीजन में दस दिन में दूसरी बार न्यूनतम पारा दो डिग्री तक लुढ़का है। इससे पहले सात जनवरी को रिकार्ड दो डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान था। उस दिन अधिकतम पारा भी 13 से अधिक था। अधिकतम और न्यूनतम के बीच 11 के करीब का अंतर था। लेकिन इस बार न्यूनतम पारा और अधिकतम पारे के बाद रिकार्ड काफी ज्यादा रहा, जो कि लोगों के स्वास्थ्य के लिहाज से खतरनाक माना जा रहा है।

पिछले सात दिनों का हाल

 कब        अधि.    न्यू.
16 जन.    18.4    2.6
15 जन.     19.0    8.6
14 जन.     23.4    8.2
13 जन.     24.5    8.8
12 जन.    18.6    8.4
11 जन.    13.4    4.8
10 जन.    19.2    7.0

संबंधित समाचार