संभल: मोदी के रणनीतिकार ने बुना हारी बाजी को जिताने का तानाबाना

Amrit Vichar Network
Published By Priya
On

संभल, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा ने उत्तर प्रदेश की उन 14 सीटों पर खास रणनीति के साथ तैयारी शुरू की है, जहां 2019 के चुनाव में उसे हार मिली थी। संभल सहित सभी 14 सीटों पर आगामी चुनाव में हार को जीत में बदलने के लिए केंद्रीय मंत्रियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रणनीतिकार केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने जिले में 21 घंटे का प्रवास कर कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत का फार्मूला समझाया।

  • संभल लोकसभा सीट जीतने के लिए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने किया कार्यकर्ताओं के साथ मंथन
  • 2019 के लोकसभा चुनाव में हारी संभल सहित यूपी की 14 लोकसभा सीटों पर जीत के लिए भाजपा ने कसी कमर
  • आगामी दिनों में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दौरे की तैयारी

 2014 के लोकसभा चुनाव में संभल सीट पर भाजपा के सतपाल सैनी ने जीत दर्ज कराई थी, लेकिन 2019 के चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन के सयुंक्त प्रत्याशी डॉ.  शफीकुर्रहमान बर्क ने जीत हासिल की थी। डॉ. बर्क के सामने चुनावी में भाजपा उम्मीदवार परमेश्वरलाल सैनी थे। अब 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा संभल सहित उन सभी 14 सीटों पर जीतने के लिए ताकत लगा रही है, जहां उसे हार मिली थी।

 केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह इन सीटों पर जीत के लिए काम में जुटे हैं। जितेंद्र सिंह शनिवार शाम चार बजे संभल पहुंचे और फिर रात 11 बजे तक संगठन के जिम्मेदारों के साथ अलग अलग बैठक कीं। रात को वह संभल में ही रुके और सुबह फिर से वही सिलसिला शुरु हो गया। बैठकों में पहले कार्यकर्ता और पदाधिकारियों से सवाल किया कैसे हासिल करेंगे संभल में जीत, फिर जीत के फार्मूले पर चर्चा की। जितेंद्र सिंह ने हर स्तर के कार्यकर्ता और पदाधिकारियों को अलग-अलग टिप्स और टास्क दिए। वह रविवार दोपहर एक बजे तक यानी 21 घंटे संभल में रहे और उनका एकमात्र एजेंडा रहा संभल सीट पर जीत की रणनीति बनाना।  

यह था पिछले दो लोकसभा चुनावों का नतीजा
2014
सतपाल सैनी                          भाजपा  360242 वोट- यानी 21.28 प्रतिशत 
डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क            सपा     355068 वोट- यानी 20.97 प्रतिशत 
2019
डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क       सपा  658006 वोट- यानी 55.58 प्रतिशत 
परमेश्वरलाल सैनी               भाजपा  483180 वोट- यानी 40.82 प्रतिशत 

इन 14 सीटों पर जीत को खास रणनीति
संभल। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा उत्तर प्रदेश में संभल, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, नगीना, मैनपुरी, सहारनपुर, गाजीपुर, घोसी, श्रावस्ती, रायबरेली, अम्बेडकरनगर, लालगंज, जौनपुर सीटों पर हारी थी। अब 2024 के लोकसभा चुनाव में इन सीटों पर जीत के लिए मशक्कत की जा रही है।

चौपाल पर उपलब्धियां और बूथ की मजबूती का मंत्र 
संभल। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने संभल सीट को जीतने के लिए भाजपाइयों को जगह- जगह चौपाल लगाकर सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही बूथ को मजबूत करने का टास्क दिया है। चौपाल कार्यक्रमों में लाभार्थियों को भी बुलाने की बात कही गई है। खुद जितेंद्र सिंह ने भी दिल्ली वापस लौटने से पहले असमोली विधानसभा के कुरकावली गांव में चौपाल लगाई और गांव में ही भोजन किया।

ये भी पढ़ें:- संभल: संगठन की ताकत से जीतेंगे प्रदेश की सभी 80 सीट- जितेंद्र सिंह

संबंधित समाचार