अयोध्या: नगर आयुक्त को नगर निगम से ज्यादा ADA की कुर्सी से है लगाव, इनके भरोसे है महानगर की व्यवस्था

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अमृत विचार, अयोध्या। नगर आयुक्त को अपने मूल पद से ज्यादा अयोध्या विकास प्राधिकरण की कुर्सी से लगाव है। यही वजह है कि नगर आयुक्त की नगर निगम कार्यालय में कुर्सी अक्सर खाली रहती है। हालांकि अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का उनके पास अतिरिक्त कार्यभार है। 

लेकिन शासन से एडीए उपाध्यक्ष पद पर किसी स्थाई अधिकारी की नियुक्ति न किये जाने से नगर आयुक्त विशाल सिंह उपाध्यक्ष की कुर्सी पर करीब ढाई साल से संभाले हैं। अयोध्या विकास प्राधिकरण में ही नगर आयुक्त नगर निगम के अधिकारियों का दरबार लगाते हैं। नगर निगम से जुड़े कार्यों की फाइल नगर निगम कार्यालय के बजाए नगर आयुक्त एडीए में बैठकर निपटाते हैं। यही उनकी बैठकें होती हैं और यही से दिशा निर्देश दिये जाते हैं। 

कार्यालयों में 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई नहीं करते अधिकारी 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि अधिकारी अपने कार्यालयों में 10 बजे से 12 बजे तक बैठ कर जनता की शिकायतें सुनें। लेकिन नगर निगम में नगर आयुक्त शायद ही महीने में दो-चार दिन आ जाते हों। यही नहीं, नगर निगम के अधिकारी भी बेलगाम हैं। यहां अपर नगर आयुक्त हों या सहायक और उप नगर आयुक्त। यह अधिकारी भी कभी अपने कार्यालय में समय से नहीं बैठते। जब भी इनके बारे में पता किया जाता है तो कार्यालय के कर्मचारी यह आसानी से कह देते हैं कि साहब मीटिंग में गये हैं। 

अब यह मीटिंगे कहां होती हैं और कौन लेता है, इसका कोई जवाब किसी के पास नहीं है। मीटिंग की आड़ में अधिकारी कार्यालयों से गायब रहते हैं। नगर निगम के अधिकारियों की यह लालफीताशाही मुख्यमंत्री की मंशा को तार तार कर ही रही है। साथ ही महानगर के लोगों की समस्याओं की समय से कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है।  स्थिति यह है कि नगर आयुक्त हों या अपर नगर आयुक्त, इन्हें सरकार की तरफ से सीयूजी नम्बर आवंटित हैं। 

लेकिन यह अधिकारी जनता का फोन तक नहीं उठाते। नगर आयुक्त को उनके सीयूजी पर जब मीडिया से फोन होता है तो उनका सीयूजी नम्बर 7311165801 उनका ओएसडी अंजनेय उठाते हैं। जवाब मिलता है साहब अभी मीटिंग में व्यस्त या निरीक्षण पर हैं। शनिवार को शाम 4.12 बजे जब नगर आयुक्त को उनके सीयूजी पर फोन मिलाया गया तो ओएसडी ने बताया कि साहब गुप्तारघाट में निरीक्षण करने आये हैं।

यह भी पढ़ें:-रायबरेली में बोले अखिलेश- सरकार बनी तो हम भी गिराएंगे Building

संबंधित समाचार