डॉक्टर्स ने बरती लापरवाही! नहीं तो पापा बच जाते, कांग्रेस सांसद संतोख के निधन पर बेटे ने लगाए आरोप
नई दिल्ली। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शनिवार को एक दुखद घटना हो गई। यात्रा के साथ चल रहे कांग्रेस से सांसद 76 वर्षीय चौधरी संतोख सिंह का निधन हो गया है। इस दौरान उनके बेटे ने डॉक्टर्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके बेटे ने कहा है कि जब उनके पिता की तबियत खराब हुई तब वह पंप करने पर सांस ले रहे थे। लेकिन वहां मौजूद डॉक्टर्स ने उन्हें साइड कर दिया और कहा कि उन्हें अच्छे से पता है कि उन्हें क्या करना है। उन्होंने मौके पर मौजूद एंबुलेंस में इमरजेंसी सुविधाएं न होने की बात भी कही है।
यह भी पढ़ें- कोई कुछ भी कहे, मैं अपना काम जारी रखूंगा: शशि थरूर
सांसद संतोख सिंह के बेटे और विधायक विक्रमजीत चौधरी ने यह आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर्स की टीम के पास इमरजेंसी शॉक देने का कोई साधन नहीं था। डॉक्टर्स बहुत ही हड़बड़ाहट में पिता जी को साथ ले गए। वहीं इन गंभीर आरोपों के बाद जालंधर के सिविल सर्जन डॉ रमन शर्मा ने कहा है कि यह पूरी तरह से गलत आरोप है। उन्होंने कहा कि जो एंबुलेंस यात्रा के साथ चल रही थी वह एसपीजी से मान्यता प्राप्त है। डॉक्टर रमन का ने एक समाचार पत्र से चर्चा के दौरान बताया कि यह एंबुलेंस पीएम मोदी के साथ भी चली थी। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस में कोई कमी नहीं थी।
श्री @RahulGandhi जी ने कांग्रेस परिवार के वरिष्ठ नेता, लोकसभा सांसद संतोख चौधरी जी की पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिजनों को ढाढस बंधाया।
— Congress (@INCIndia) January 14, 2023
कांग्रेस परिवार हमेशा संतोख जी के परिजनों के साथ खड़ा रहेगा। pic.twitter.com/rTLv5kVK4a
डॉक्टर रमन ने सभी आरोपों को खारिज किया है और कहा है कि चौधरी संतोख सिंह को दो बार शॉक दिया गया था। उन्हें तुरंत ही लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था। 5 बेहतरीन डॉक्टर्स की टीम भी इस एंबुलेंस के साथ चल रही थी। उन्होंने यह भी कहा कि संतोख सिंह को उनके बेटे के सामने ही शॉक दिया गया था।
कांग्रेस नेता एवं जलंधर से सांसद संतोख चौधरी का भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिल का दौरा पड़ने के कारण शनिवार को निधन हो गया है, जिसके बाद यात्रा 24 घंटे के लिए रोक दी गई। चौधरी 76 वर्ष के थे। कांग्रेस के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी ने भी 15 जनवरी को जलंधर में होने वाले अपने संवाददाता सम्मेलन को स्थगित कर दिया है और अब यह 17 जनवरी को होशियारपुर में होगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने बताया कि दो बार सांसद रहे चौधरी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली पदयात्रा में फिल्लौर में भाग लेते समय बेहोश हो गए थे।
श्री संतोख सिंह चौधरी जी के अकस्मात निधन से स्तब्ध हूं।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) January 14, 2023
वो ज़मीन से जुड़े परिश्रमी नेता, एक नेक इंसान और कांग्रेस परिवार के मज़बूत स्तम्भ थे, जिन्होंने युवा कांग्रेस से सांसद तक अपना जीवन जनसेवा को समर्पित किया।
शोकसंतप्त परिवार को अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। pic.twitter.com/1osKsVMugp
यात्रा में मौजूद रहे बाजवा ने बताया कि चौधरी को एम्बुलेंस के जरिए फगवाड़ा के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि बाद में उनका पार्थिव शरीर उनके आवास ले जाया गया। चौधरी फिल्लौर में यात्रा में शामिल हुए थे, लेकिन उन्हें कुछ देर बाद बेचैनी महसूस हुई और वह बेहोश हो गए।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चौधरी के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया। गांधी ने ट्वीट किया, श्री संतोख सिंह चौधरी के आकस्मिक निधन से स्तब्ध हूं। वह जमीन से जुड़े परिश्रमी नेता, एक नेक इंसान और कांग्रेस परिवार के मजबूत स्तंभ थे जिन्होंने युवा कांग्रेस से सांसद तक अपना जीवन जनसेवा के लिए समर्पित किया। शोकसंतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।
यह भी पढ़ें- Video: एक और कंझावला कांड जैसी वारदात! कार सवार ने युवक को आधा किलोमीटर तक घसीटा
