सुल्तानपुर: साल के पहले दिन कोहरे के साथ पछुआ हवा ने बढ़ाई ठंड 

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का अधिकतम तापमान 

अमृत विचार, सुल्तानपुर। साल के पहले दिन ही रविवार को कोहरे के साथ पछुआ हवा ने सभी को कंपकपाया दिया। सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस तक पारा लुढ़कर अधिकतम 14 तो न्यूनतम साढ़े नौ तक पहुंच गया। कोहरे व ठंड से लोगों की परेशानी बढ़ गई। जनजीवन अस्त व्यस्त दिखा। ठंड से बचाव के लिए अब तक की गई प्रशासनिक व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है। 

शनिवार की शाम से ही कोहरा पड़ने लगा। रविवार को भोर से लेकर दिन भर कोहरा छाया रहा। एक बार भी सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। रविवार का दिन होने के कारण स्कूल कॉलेज व सरकारी दफ्तर बंद रहे। लोग घरों में अलाव के सहारे बैठे नजर आए। पालिका प्रशासन की ओर से शहर के बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, जिला अस्पताल समेत एक दर्जन स्थानों पर अलाव तो जलवाए गए हैं, लेकिन यह कम ही पड़े। वहीं, ग्रामीणांचल में ज्यादातर बाजारों में अभी तक प्रशासन की ओर से अलाव की व्यवस्था नहीं की गई हैं। शहर में सजे सर्दी के कपड़ों के बाजारों में खरीदारों की भीड़ दिखी। 

छुट्टा मवेशी गांवों के तरफ कर रहे रूख
भीषड़ ठंड व शीतलहर से जनजीवन अस्त व्यस्त है। क्षेत्र की बाजारों में अलाव के सहारे जहां लोग अपनी ठंडक दूर करने का प्रयास करते दिखे, वहीं जरूरी काम से घर से बाहर निकले लोग भी रुक रुक कर अलाव से अपनी ठंड को दूर भगाने का प्रयास कर रहे हैं। खेतों में गए किसान घास फूस जलाकर ठंड से बचने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन छुट्टा मवेशियों को ठंड से बचने का कोई उपाय नहीं दिख रहा है। इसके चलते ये मवेशी गांव की तरफ रुख कर लिए हैं। उनके गांव में घुसने से लोगों में भय का माहौल है। 

शीतलहर से नहीं मिलेगी राहत 
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के कृषि मौसम विभाग की मानें तो रविवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से सात डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 93 प्रतिशत तो न्यूनतम 86 प्रतिशत रही। हवा की गति 3.9 किमी प्रति घंटा रही। हवा की दिशा उत्तरी-पश्चिमी रही। आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने, हवा के सामान्य गति से पश्चिमी चलने एवं सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। औसत तापमान सामान्य से नीचे रहने के आसार हैं, जिससे अभी शीतलहर से राहत के आसार नहीं हैं।

ये भी पढ़ें -गरीबों के लिए सपा सरकार ने किया सबसे ज्यादा काम :पवन

संबंधित समाचार