नए साल पर कार्यक्रम में कोरोना संक्रमण से रहें सावधान : योगी आदित्यनाथ
अमृत विचार, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नए वर्ष पर कार्यक्रमों में लोग कोरोना संक्रमण से सावधान रहें। मुख्यमंत्री ने शनिवार को प्रदेश के लोगों को नव वर्ष पर बधाई देते हुए यह सलाह दी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश को समृद्धि व विकास के रास्ते पर ले जाने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों को नए वर्ष में और गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से प्रदेश की प्रगति के लिए अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं व जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं। इससे प्रदेश की जनता का जीवन स्तर निरंतर बेहतर हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के विकास व जनकल्याणकारी कार्यों का परिणाम है कि आज प्रदेश एक नई पहचान के साथ देश के विकास में अपनी अग्रणी भूमिका का निर्वहन कर रहा है।
डबल इंजन की सरकार के विकास कार्यों का लाभ गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिला समेत समाज के हर वर्ग को प्राप्त हो रहा है। उन्होंने लोगों से नये साल पर सावधानी के साथ कार्यक्रम मनाने की अपील की।
दूसरी ओर, विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने अंग्रेजी कैलेंडर वर्ष-2023 की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आने वाला नया कैलेंडर वर्ष सभी के जीवन में अच्छी सेहत, खुशियां और समृद्धि लेकर आये। नए साल में हम सभी को सामूहिक विकास के साथ नए व समृद्ध भारत के लिए संकल्पित होना चाहिए।
यह भी पढ़ें:-सहारनपुर से संदिग्ध आंतकी गिरफ्तार, जांच एजेंसी कर रही जांच
