शाहजहांपुर: हिमाचल जैसा यूपी में भी होगा बदलाव- संजय कपूर
कहा- नगर निगम के साथ ही 2024 की तैयारियों में अभी से जुट जाएं
अमृत विचार, शाहजहांपुर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा के तहत गुरुवार को जिले से यात्रा रवाना हुई। कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन टाउन हॉल पर बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सचिव संजय कपूर ने कहा कि भारत जोड़ों यात्रा शाहजहांपुर में बहुत सफल हुई है। आप सभी का उत्साह देखते ही बनता है। इसी उत्साह के बूते जो हिमाचल में किया, वही अब उत्तर प्रदेश में करके दिखाएंगे।
करीब दो घंटे की देरी से पहुंचे राष्ट्रीय सचिव पहले यात्रा में शामिल हुए, फिर पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यात्रा में उमड़ रहा जनसैलाब ये साबित करता है कि 2024 में राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने का काम करेगी। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में राहुल की यात्रा में प्रवेश करने पर शाहजहांपुर की भागीदारी पूरे प्रदेश में प्रथम होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: पुलिस ने देह व्यापार के बजाय शांति भंग में कर दिया पूर्व चेयरमैन का चालान
इससे पहले कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा गुरूवार को नगर में पूरे जोशो-खरोश के साथ निकाली गई। इससे पूर्व टाउन हाल स्थित कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित सभा में कांग्रेस नेताओं ने विपक्षी दलों खासकर भाजपा को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सर्व धर्म समभाव की राजनीति की है, मौजूदा समय में सत्ता में रहते हुए भाजपा जिस तरह की राजनीति कर रही है, उससे देश में लोगों के बीच खाई गहरी होती जा रही है। इसी खाई को पाटने के लिए कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा के जरिये देश के लोगों को फिर से एक सूत्र में पिरोने का बीड़ा उठाया है।
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
यात्रा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखा। सुबह करीब नौ बजे से कांग्रेस कार्यकर्ता अलग अलग टुकड़ों में कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन टाउन हॉल पर एकत्रित होने शुरू हो गए। जहां सबसे पहले राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान के साथ सभा का आयोजन किया गया। इसके बाद यहां से पार्टी जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता उर्फ मुन्ना के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत की गई। सभी कार्यकर्ताओं के हाथों में तिरंगा था।
शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, यात्रा का जोरदार स्वागत
भारत जोड़ो यात्रा में शामिल नेताओं ने नगर निगम स्थित शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद सदर क्षेत्र में यात्रा के पहुंचने पर शरद कुमार पप्पू ने यात्रा का स्वागत किया। बहादुरगंज में ददरौल प्रत्याशी रहे मुन्ना सिंह नवादा ने शहीद कैप्टन कन्हैयालाल शुक्ला की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। घंटाघर पर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। यात्रा का समापन राजघाट गांधी पार्क में माल्यार्पण कर किया गया। इस मौके पर जनपद प्रभारी रिसाल अहमद, महानगर अध्यक्ष पवन सिंह, पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित, रामनाथ बघेला,अशफाक उल्ला खान,अनूप वर्मा,सुरेश शुक्ला,तसनीम अली खान,अनवर अनीस, सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
भारत जोड़ो यात्रा की लगाई गई थी प्रदर्शनी
घंटाघर पर अल्पसंख्यक कांग्रेस जिलाध्यक्ष सईद अंसारी द्वारा आयोजित एक चित्र प्रदर्शनी का कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने फीता काटकर उद्घाटन किया। जिसमे राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा में विभिन्न चित्रों का प्रदर्शन किया गया। वहीं घंटाघर पर पंडित रामप्रसाद बिस्मिल सेवा समिति द्वारा यात्रा का पंडित रामप्रसाद बिस्मिल का चित्र देकर स्वागत किया। चौक में सभासद हरनाम कटियार ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया,चारखंबा पर स्कूली छात्राएं यात्रा में शामिल हुईं।
देशभक्ति के गीत कार्यकर्ताओं में भर रहे थे जोश
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में देशभक्ति से ओतप्रोत गीत बज रहे हैं, जिससे कार्यकर्ता पूरे जोश में थे और कांग्रेस पार्टी, राहुल, सोनिया, प्रियंका गांधी जिन्दाबाद के नारे लगा रहे थे। यात्रा में युवा और महिलाएं भी भारी संख्या में शामिल थीं।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: कमरे में फंदे से लटका मिला महिला का शव, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
