Cyber Attacks को रोकने लिए बहुआयामी स्तर पर चल रहा है काम : सरकार 

Amrit Vichar Network
Published By Ashpreet
On

नई दिल्ली। देश में साइबर सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं की संख्या वर्ष 2018 में 2.08 लाख थी जो बढ़कर 2021 में 14.02 लाख दर्ज की गई है।

लोकसभा में मनीष तिवारी के प्रश्न के लिखित उत्तर में सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर द्वारा पेश आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2017 में अप्रैल से दिसंबर के बीच साइबर सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं की संख्या 41,378 थी जो 2018 में 2,08,456 हो गई और 2019 में ऐसी घटनाओं की संख्या 3,94,499 थी। वर्ष 2020 में साइबर सुरक्षा से जुड़ी 11,58,208 घटनाएं, 2021 में 14,02,809 और 2021 में नवंबर तक 12,67,564 घटनाएं दर्ज की गईं।

वहीं, भाजपा सदस्य सुकांत मजूमदार के पूरक प्रश्न के उत्तर में सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बहुआयामी स्तर पर काम चल रहा है और कई कदम भी उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि देश में प्रतिदिन बड़ी संख्या में साइबर हमले होते हैं, लेकिन ज्यादातर हमलों को रोक दिया जाता है।

उन्होंने कहा, देश में साइबर सुरक्षा पर बहुआयामी काम चल रहा है। आज की डिजिटल अर्थव्यवस्था में सरकार से जुड़े तत्वों (स्टेट एक्टर्स) और सरकार से इतर तत्वों (नॉन-स्टेट एक्टर्स) से जिस तरह के खतरे होते हैं, उसे लेकर बहुत समग्र काम चल रहा है...बहुत सारे कदम उठाए गए हैं।

वहीं, एक प्रश्न के लिखित उत्तर में केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा नीति 2013 प्रकाशित की है जिसका उद्देश्य नागरिकों, व्यवसायों और सरकार के लिये एक सुरक्षित एवं लचीली व्यवस्था का निर्माण करना है।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा गृह मंत्रालय ने केंद्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों और संघ राज्य क्षेत्रों के लिये राष्ट्रीय सुरक्षा नीति एवं दिशानिर्देश जारी किए हैं जिनका मकसद सूचना और संचार प्रौद्योगिकी अवसंरचना में सूचना सुरक्षा उल्लंघनों और साइबर घुसपैठ को रोकना है। 

ये भी पढ़ें : देश में स्टार्टअप की संख्या बढ़कर 84,012 हुई, प्रोत्साहन के अनेक कार्यक्रम शुरू हुए : गोयल

संबंधित समाचार