अयोध्या: नहीं मिल रही है पर्ची, खेतों में सूख रही हैं गन्ने की पेड़ी
अमृत विचार, बीकापुर, अयोध्या। गन्ना पर्ची समय से न दिए जाने से गन्ना किसान परेशान हैं। किसानों का कहना है कि उनकी गन्ना की पेड़ी सूखने लगी है और गेहूं की फसल की बुआई में भी लेट हो रही है। गन्ना पेराई की पर्ची न मिलने से परेशान किसान पर्ची पाने की उम्मीद में चीनी मिल से लेकर समितियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
वहीं दूसरी तरफ किसानों की मजबूरी का फायदा क्रेशर संचालक उठा रहे हैं, जो औने-पौने दाम पर किसानों के गन्ने खरीद रहे हैं। क्षेत्र के किसान बड़े भूभाग पर गन्ने की खेती करते हैं, लेकिन जब मिल चालू हो जाती है तो इनके सामने गन्ना बेचने की बड़ी समस्या होती है। मसौधा समिति पर पर्ची के लिए आए किसान कपिल देव पाठक ने बताया कि चार बीघा पेड़ी गन्ना खड़ा है।
लेकिन अभी तक एक भी पर्ची नही आई है। उनका कहना है कि 12 दिसंबर बीत गया। छोटे किसान गन्ने की फसल काट कर उसी में गेंहू बोते हैं। ऐसे में अब मजबूर होकर क्रेसर पर गन्ना बेचना पड़ेगा। किसान हरिशरण सिंह ने बताया कि उनकी एक भी पर्ची नहीं आई है।
गन्ना मिल किसानों का गन्ना 350 क्विंटल लेती है, लेकिन गन्ना किसानों को पर्ची समय से न मिलने के कारण उन्हें मजबूर होकर 200 रुपये क्विंटल बेचना पड़ रहा है। जिला गन्ना अधिकारी हुदा सिद्दीकी ने बताया कि पर्ची किसानों को कैलेंडर के अनुसार ही दी जा रही है।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ : ट्रांसजेंडर प्रियंका सिंह का ऐलान, मेयर सीट के लिए दाखिल करेंगी नामाकांन
