75 घंटे 60 वार्ड: आज मेयर संग सभी लगाएंगे झाडू

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

लता चौक नयाघाट पर होगा समापन, सेल्फी प्वाइंट भी बनेगा

नगर निगम की स्वच्छता जनजागरूक रथयात्रा को किया गया रवाना

अमृत विचार, अयोध्या। 75 जनपद 75 घंटे, 750 निकाय स्वच्छता अभियान के तहत नगर निगम अयोध्या के 60 वार्डों में भी 75 घंटे से लगातार सफाई अभियान  चलाया जा रहा है। रविवार को लता मंगेश्कर चौक नयाघाट पर अभियान का समापन समारोह होगा।

यह कार्यक्रम सुबह नौ बजे से शुरू होगा और तीन घंटे चलेगा। इस मौके पर मेयर ऋषिकेश उपाध्याय और उनके साथ अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विभिन्न स्कूलों के बच्चे झाडू लगाकर नागरिकों को सफाई का संदेश देंगे। इस दौरान यहां सेल्फी प्वाइंट भी रहेगा।

वहीं दूसरी ओर, सफाई अभियान के तीसरे दिन शनिवार को अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय ने हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता रथ यात्रा को रवाना किया गया। स्वच्छता रथ यात्रा के माध्यम से आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के तहत नगर निगम के 31 वार्डों में कुल 66 स्थानों पर सफाई करवाई गई। अभियान में 12 टीमों के सहयोग से 3 पालियों में अनवरत सफाई करवाई गई।

नगर आयुक्त विशाल सिंह ने बताया कि इस अभियान के दौरान विलोपित किये गये गार्बेज वलनेवर प्वाइंट्स का सौन्दर्यीकरण, सेल्फी प्वाइंट, वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेंच की व्यवस्था, पौधरोपण, वर्टिकल गार्डेन विकसित किये जाने के निर्देश दिये गये हैं।

इस महाभियान की मानीटरिंग शासन व निगम के अधिकारियों द्वारा निरंतर की जा रही है। अभियान के दौरान अपर नगर आयुक्त वागीश कुमार शुक्ल, उप नगर आयुक्त  स्वर्ण सिंह, सहायक नगर आयुक्त अंकिता शुक्ला, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक बृजेन्द्र वर्मा, देवी प्रसाद शुक्ल, डोर टू डोर प्रभारी राजेश वर्मा एवं निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या : साथी के निधन पर अधिवक्ता संघ देगा तीन लाख रुपये

 

 

 

 

 

संबंधित समाचार