अयोध्या : रीडगंज-गोसाईगंज मार्ग होगा फोरलेन, 7 चौराहों की बदलेगी सूरत

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

सड़क के दोनों ओर होंगे खजूर व फाइकस के पेड़, दो मी. चौड़ा होगा डिवाइडर

अब तक 6500 पेड़ों की हो चुकी है कटाई, रीडगंज ओवरब्रिज अभी 2 लेन ही रहेगा

अमृत विचार, अयोध्या। अयोध्या से बसखारी अम्बेडकरनगर तक फोर लेन सड़क बनाने की प्रक्रिया भी प्रारंभ है। यह फोर लेन सड़क शहर के रीडगंज से लेकर देवकाली, मयाबाजार, गोसाईगंज व अकबरपुर होते हुए बसखारी तक बन रही है। फिलहाल कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग रीडगंज ओवरब्रिज के आगे देवकाली रोड से गोसाईगंज तक सड़क के चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। रीडगंज ओवरब्रिज अभी 2 लेन ही रहेगा। लेकिन रीडगंज चौराहा से रीडगंज ओवरब्रिज तक की सड़क फोर लेन की जाएगी।

लोक निर्माण विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अयोध्या-बसखारी फोर लेन मार्ग 725 करोड़ का प्रोजेक्ट है। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता बीडी तिवारी के अनुसार सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो चुका है। रीडगंज से दर्शननगर तक सड़क की चौड़ाई 22 मीटर होगी। दर्शननगर से गोसाईगंज तक 24 होगी। इस फोर लेन सड़क की लंबाई रीडगंज चौराहा से लेकर गोसाईगंज तक कुल 34 किमी व गोसाईगंज से बसखारी तक 44 किमी है।

लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड अयोध्या द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में 118.250 किमी से प्रारंभ होकर 155 किमी गोसाईगंज तक अयोध्या-अम्बेकरनगर तक फोर लेन सड़क बनाई जाएगी। रीडगंज ओवरब्रिज तक की सड़क फोर लेन होगी। दर्शननगर ओवरब्रिज 4 लेन बन रहा है। अभी चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। अब तक करीब 15 किलोमीटर सड़क चौड़ी की जा चुकी है। यह फोर लेन सड़क 725 करोड़ की परियोजना है।

चौराहों का होगा सौंदर्यीकरण 

रीडगंज चौराहा, देवकाली तिराहा, देवकाली अंडरपास, दर्शननगर, पूरा बाजार, मया बाजार तिराहा व गोसाईगंज तिराहा कुल 7 चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जायेगा। रीडगंज से लेकर देवकाली बाईपास व दर्शननगर मंगल पांडेय चौराहा तक खजूर के पेड़ लगाये जाएंगे। प्रत्येक 25 मीटर पर एक खजूर का पेड़ लगेगा। हर खजूर के पेड़ के बीच में एक फाइकस का पेड़ लगेगा।  सड़क के बीच में डिवाडर बनेंगे। यह डिवाइडर एसीसी का होगा, जिसकी सीमित ऊंचाई और करीब 2 मीटर चौड़ाई होगी।  डिवाइडर पर लाइटिंग कराई जाएगी और पेड़ लगाये जाएंगे।

रीडगंज से ओवरब्रिज तक फोरलेन का बजट वापस कराएंगे

नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्त के मृताबिक, रीडगंज ओवरब्रिज के बाद से फोर लेन होगा। रीडगंज से ओवरब्रिज तक की सड़क पीडब्ल्यूडी नगर निगम को हैंडओवर कर देगा। उन्होंने इसका प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी को दिया है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से वार्ता में यह आश्वासन दिया गया है कि रीडगंज चौराहा से ओवरब्रिज तक की सड़क का बजट वापस करा दिया जायेगा। 

संबंधित समाचार