मैनपुरी उपचुनाव : डिप्टी सीएम बोले, मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र का बनाया जाएगा मॉडल
अमृत विचार, जसवंतनगर/ इटावा । प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा है कि मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र को मॉडल लोकसभा क्षेत्र बनाया जाएगा। इसके लिए यहां से भाजपा प्रत्याशी को जिता कर लोकसभा में पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि मैनपुरी की जीत से मोदी और योगी के हाथ मजबूत होंगे और मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र के लोगों का सम्मान भी बढ़ेगा।
यहां प्रबुद्ध सम्मेलन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत माता की शान को बुलंदियों पर पहुंचाया है। कोरोना काल में वसुधैव कुटुंबकम के नारे को साकार रूप दिया है और तमाम गरीब देशों को कोरोना की खुराक उपलब्ध कराकर मानवता का काम भी किया है। भारत को दुनिया के देश सर्वाधिक सम्मान दे रहे हैं।
श्री पाठक ने कहा कि वे मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र की जनता को आश्वस्त करते हैं कि यहां पर जिस तरह से गुंडागर्दी अराजकता और दबंगई का माहौल चलता रहा वह अब पूरी तरह समाप्त होगा। प्रदेश में योगी राज चल रहा है किसी गुंडे की खैर नहीं है। निर्भीक होकर मतदान करें आपको आगे या पीछे कोई सता नहीं पाएगा। भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य ने कहा कि आपका सेवक हूं और सेवक ही रहूंगा।
विधायक सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी, रामरतन कुशवाहा, मनोज प्रजापति, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, राम कुमार चौधरी ने संबोधित किया। संचालन शिवाकांत चौधरी ने किया। जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत, जिला महामंत्री प्रशांत राव चौबे व अन्नू गुप्ता मौजूद रहे।
प्रचंड बहुमत से जीतेगी भाजपा
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा मैनपुरी लोकसभा का उपचुनाव प्रचंड बहुमत से जीतेगी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव मैनपुरी के विकास का और लॉ एंड ऑर्डर के लिए है। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो टीमें बनाकर 20 हजार से ज्यादा मुकदमे दर्ज कराए गए। गरीब कल्याण योजनाओं के माध्यम से जनता लाभान्वित हुई है। मतदाता जाति धर्म व संप्रदाय से ऊपर उठकर भाजपा को वोट करेंगे।
