प्रदेश का नंबर वन जिला बनेगा रामपुर : जितिन

Amrit Vichar Network
Published By Priya
On

उपचुनाव में भारी वोटों से होगी भाजपा प्रत्याशी की जीत, आजम खां ने किया अपना खुद का विकास

पत्रकारों से बात करते लोकनिर्माण मंत्री जितिन प्रसाद।

रामपुर, अमृत विचार। वरिष्ठ भाजपा नेता व प्रदेश के लोकनिर्माण विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि विधानसभा उपचुनाव में निश्चित रूप से भाजपा की जीत होगी। यह ऐतिहासिक जीत होगी। जिसके बाद हमारा वायदा है कि रामपुर को आधारभूत सुविधाओं के लिहाज से उत्तर प्रदेश का नंबर वन जिला बना दिया जाएगा।

  • लोकनिर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को  किया संबोधित
  • सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के साधन विकसित कर रही

भाजपा प्रत्याशी के कृष्णा विहार कालोनी स्थित चुनाव कार्यालय पर प्रबुद्ध वर्ग का सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद शामिल हुए। कहा कि एक समय था जब रामपुर को उद्योगों की नगरी कहा जाता था।  रामपुर के कुछ लोगों ने अपने स्वार्थ की खातिर उद्योगों को बर्बाद कर दिया। यहां के युवाओं के हाथों से रोजगार छीन लिया। भाजपा सरकार बनने के बाद युवाओं के रोजगार, गरीबों के कल्याण और उत्थान के लिए कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में पहले भी कई सरकारें रहीं, लेकिन रामपुर के विकास के लिए कुछ नहीं किया। सिर्फ यहां के नेताओं ने अपना विकास किया।

 यहां तुगलकी शासन हुआ करता था। अब रामपुर में परिवर्तन होना चाहिए। यहां की जनता भी यह समझ रही है। लेकिन, परिवर्तन संघर्ष से होता है। आप लोगों के बिना कुछ संभव नहीं है। जब जनसमर्थन साथ होता है, तो परिवर्तन होता है। कहा कि वर्तमान दौर में भाजपा को छोडकर किसी भी राजनैतिक दल का दौर नहीं है। क्षेत्रीय दलों की वजह से देश कमजोर हो रहा है। लेकिन, अब क्षेत्रीय दलों की सियासत भी इस देश से समाप्त हो रही है। जिले महान जनता ने पिछले दिनों लोकसभा चुनाव जिताकर यह सीट भाजपा की झोली में डालकर दी थी, अब  विधानसभा सीट जिताकर रामपुर की जनता इतिहास रचने का काम करेगी। 

कहा कि हमें भरोसा है कि इस बार रामपुर में कमल खिलेगा। वह भी किसी छोटी मोटी संख्या से नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीत होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि छोटी- मोटी संख्या से जीत होने से कोई संदेश नहीं जाता है, बल्कि बड़े अंतर की जीत संदेश देती है। उन्होंने सभी लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा की जीत के बाद यह हमारी और सरकार की जिम्मेदारी है कि हम रामपुर को उत्तर प्रदेश का नंबर वन जिला बनाकर दें। फिर चाहें सड़कों की बात हो या फिर पुलों की। इसके अलावा उद्योग स्थापित करने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने सभी से जातिवाद, परिवारवाद समेत सभी बंधनों को दरकिनार करते हुए राष्ट्रनिर्माण के लिए भाजपा को वोट देने की अपील की। 

यह रहे मौजूद
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर सिंह, पैक्सपेड के चेयरमैन सूर्यप्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता,पंडित जागेश्वर दीक्षित,पंडित दिनेश शर्मा, पंडित विकास दीक्षित,मुनीश शर्मा, प्रेमशंकर पांडेय, राजीव शर्मा आदि उपस्थित रहे।

जितिन प्रसाद को भेंट की तस्वीर 
रामपुर आगमन पर प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश मुस्लिम पसमांदा कौंसिल एवं क्षेत्रीय सेवा प्रमुख मुस्लिम राष्ट्रीय मंच फैसल मुमताज़ ने उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद  तस्वीर भेंटकर उनका स्वागत किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:- संभल: अवैध संबंधों के चलते की थी दूधिया की हत्या, मामा व भांजा गिरफ्तार

संबंधित समाचार