निकाय चुनाव : 18 दिन में बढ़ गए नगर निगम क्षेत्र में 33 हजार वोटर

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

जिले के निकाय क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची का आलेख प्रकाशित

अमृत विचार, अयोध्या। जनपद के सभी निकायों की अंतिम मतदाता सूची शुक्रवार को प्रकाशित कर दी गई। 31 अक्टूबर को जो अनन्तिम मतदाता सूची नगर निगम की आई थी उसमें 2,86,182 मतदाता थे, लेकिन इसके ठीक 18 दिन बाद जारी अन्तिम मतदाता सूची के अनुसार अब 3,19,767 मतदाता हो गये हैं। इस प्रकार से 18 दिनों में नगर निगम क्षेत्र के 60 वार्डों में 33,585 मतदाताओं का इजाफा हो गया है।

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नगर निकाय व एडीएम सिटी ने बताया कि जनपद के नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायतों की निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण 2022 के उपरांत तैयार निर्वाचक नामावली का वार्डवार अंतिम प्रकाशन सम्बन्धित उप जिलाधिकारियों व सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा शुक्रवार को कर दिया गया है।

अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार नगर पालिका परिषद रुदौली में 59,617, नगर पंचायत भदरसा में 29,035, नगर पंचायत बीकापुर 12,053, नगर पंचायत गोसाइंर्गंज 11,157, नगर पंचायत मां कामाख्या में 28,779, नगर पंचायत कुमारगंज में 14,288 व नगर पंचायत सुचित्तागंज में 18,386 मतदाताओं की सूची जारी की गयी है। 

4.93 हजार वोटर करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 

यदि 31 अक्टूबर को जारी अनन्तिम मतदाता सूची पर गौर करें तो नगर पालिका परिषद रुदौली में 51,484, नगर पंचायत गोसाईगंज में 9756, नगर पंचायत भदरसा में 27,605, नगर पंचायत कुमारगंज में 11,167, नगर पंचायत मां कामाख्या में 28,233 और नगर पंचायत बीकापुर में 10,637 वोटर थे।

इस प्रकार अंन्तिम रूप से निकाय क्षेत्रों में कुल मतदाताओं की संख्या 4,39,606 से बढ़कर अंतिम रूप से मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद बढ़कर 4 लाख 93 हजार 282 हो गयी है। इस तरह से जनपद के निकाय क्षेत्रों में 53 हजार से अधिक वोटर बढ़ गए हैं।

संबंधित समाचार