प्रयागराज में बृजलाल खाबरी का दावा- निकाय चुनाव में भाजपा को चुनौती देगी कांग्रेस
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने शुक्रवार को दावा किया कि प्रदेश में होने वाले नगर निकाय चुनाव में सिर्फ कांग्रेस सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जोरदार टक्कर देगी। चुनाव तैयारियों की समीक्षा करने के लिए दो दिवसीय दौरे पर पहुचें श्री खाबरी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकजुट होने की सीख दी।
कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा को कांग्रेस ही असल चुनौती पेश कर रही है। समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) जैसे दल बेअसर साबित होंगे। प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधते हुये उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था बेहद खराब है लेकिन सरकार के कान में जूं तक नहीं रेंग रही है।
जिले के सरकारी अस्पताल में मरीजों के लिए कोई सुविधा नहीं है। जिस तरह से जिलों में डेंगू फैल रहा है। उस तरह से इलाज के लिये मरीजों के लिए उचित व्यवस्था नहीं है। हालात यह है कि मरीजों को मौसमी का जूस चढ़ाया जा रहा है और कहा जा रहा है तीन दिन में प्लेटलेट्स बढ़ जाएंगी।
इसके बाद यूपी कांग्रेस चीफ आलोपीबाग स्थित पटेल सेवा संस्थान में आयोजित दलित, अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग सम्मेलन को सम्बोधित किया। यहाँ उन्होंने पूर्व गृह मंत्री सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर लोगो को कांग्रेस का समर्थन करने की अपील की।
