मुरादाबाद : कोहरे में जिंदगी बचाने का अभियान सुस्त, यातायात माह के नाम पर की जा रही डिवाइडरों की रंगाई
मुरादाबाद,अमृत विचार। कोहरे में लोगों की जान बचाने के नाम पर जागरूकता अभियान चलाकर सिर्फ कोरम पूरा किया जा रहा है। यातायात माह लोगों को सड़क हादसों से बचाने के लिए चलाया जाता है। मगर इस अभियान के जरिए लाखों के वारे-न्यारे किए जा रहे हैं। तेज गति से वाहन चलाकर अपनी और दूसरों की …
मुरादाबाद,अमृत विचार। कोहरे में लोगों की जान बचाने के नाम पर जागरूकता अभियान चलाकर सिर्फ कोरम पूरा किया जा रहा है। यातायात माह लोगों को सड़क हादसों से बचाने के लिए चलाया जाता है। मगर इस अभियान के जरिए लाखों के वारे-न्यारे किए जा रहे हैं। तेज गति से वाहन चलाकर अपनी और दूसरों की जिंदगी जोखिम में डालने वालों पर सख्ती नहीं बरती जा रही है। यातायात माह के नाम पर महज डिवाइडरों की रंगाई करके लोगों में जागरूकता भरी जा रही है।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु प्रत्येक वर्ष नवम्बर माह को यातायात माह के रूप में मनाया जाता है। माना जाता है कि नवंबर महीने में कोहरे की वजह से ज्यादा हादसे होते हैं। लेकिन, यातायात माह भी महज मजाक बनकर रह गया है। सड़कों के गड्ढे तक नहीं भरे गए हैं। इनकी वजह से लोग चोटिल हो रहे हैं। कई की मौत भी हो चुकी है। हाल ही में मझोला थाने के सामने बने गति अवरोधक पर बाइक से गिरकर महिला की मौत हो गई थी। इसके अलावा भी शहर की गड्ढायुक्त सड़कें लोगों को दर्द दे रही हैं। यातायात माह में भी इन सड़कों का कोई पुरसाहाल नहीं है।
जिन अधिकारियों के कंधों पर यातायात माह की जिम्मेदारी है, वही उदासीनता बरत रहे हैं। तेज गति से वाहन चलाने वालों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। यातायात पुलिस लोगों से हेलमेट भी नहीं लगवा पा रही है। रोजाना लोगों पर तेज रफ्तार का कहर टूट रहा है। इसके बाद भी संबंधित अधिकारी सजग नहीं हैं। हालांकि कोरम पूरा करने के लिए चालान भी किए जा रहे हैं। यातायात निरीक्षक पवन कुमार ने बताया कि नवंबर माह में तेज गति से वाहन चलाने वाले 175 लोगों का चालन किया गया।
यातायात पुलिस ने इन लोगों से डेढ़ लाख का जुर्माना भी वसूला। उन्होंने बताया कि दिल्ली रोड पर एक घंटा 20 मिनट तक निर्धारित से ज्यादा गति से वाहन चलाने वालों की स्पीड रडार से चेकिंग की गई। इस दौरान दिल्ली रोड से 1763 वाहन गुजरे। इनमें से 53 चालक वाहनों को निर्धारित 30 किलोमीटर की गति से तेज चलाते हुए पकड़े गए। इसके अलावा कुंदरकी मार्ग पर तेज गति से वाहन चलाने के आरोप में 22 लोगों का चालान किया गया। इस एक घंटे में 1125 वाहन इस मार्ग से गुजरे।
यातायात पुलिस के पास तीन स्पीड रडार हैं। इनके जरिए निर्धारित गति से तेज वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि दिल्ली, कांठ और संभल रोड पर 30 किलोमीटर प्रति घंटा की गति सीमा निर्धारित की गई है। इस आशय के संकेतक भी जगह-जगह लगे हैं। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही अन्य तरीकों से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। -पवन कुमार, यातायात निरीक्षक
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : कोहरे और शीतलहर में दुर्घटना से बचने के लिए बरतें सावधानी
