Leopard In Kanpur: तेंदुए की रफ्तार देखकर अधिकारी हुए हैरान, IIT और NSI के बीच दे रहा चकमा

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। पिछले कई दिनों से आईआईटी और एनएसआई में नजर आ रहा तेंदुआ संस्थान के सुरक्षाकर्मी, वन विभाग और चिड़ियाघर के स्टाफ को लगातार चकमा दे रहा है। उसके एक संस्थान से दूसरी ओर आने और जाने के रास्ते का पता चल गया है, लेकिन तेंदुए के पैरों के निशान नहीं मिले हैं। …

कानपुर, अमृत विचार। पिछले कई दिनों से आईआईटी और एनएसआई में नजर आ रहा तेंदुआ संस्थान के सुरक्षाकर्मी, वन विभाग और चिड़ियाघर के स्टाफ को लगातार चकमा दे रहा है। उसके एक संस्थान से दूसरी ओर आने और जाने के रास्ते का पता चल गया है, लेकिन तेंदुए के पैरों के निशान नहीं मिले हैं। अब तक आई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर उसकी उम्र करीब तीन साल की आंकी जा रही है। तेंदुआ युवा है और बहुत ही तेज रफ्तार से दौड़ता है। स्वाभाव के मामले में सामान्य है। आक्रामक और हमलावर नहीं हो रहा है।

सोमवार की रात करीब आठ बजे तेंदुआ एनएसआई में नजर आया था। सुरक्षाकर्मियों ने तलाश की, लेकिन वह घने जगहों की ओर चला गया। रात करीब डेढ़ बजे तेंदुए के आईआईटी के गैस गोदाम के पीछे के जंगल में दहाड़ने की आवाज सुनाई दी।

पिंजरे के साथ ही ट्रैप की संख्या बढ़ाई
तेंदुए को पकड़ने के लिए दोनों संस्थानों में पिंजरे के साथ ही ट्रैप की संख्या बढ़ाई गई है। डीएफओ श्रद्धा शुक्ला ने आईआईटी में पहुंचकर दिशा निर्देश दिए। ट्रैंक्यूलाइजर गन शॉट करने वाली टीम से स्थिति पूछी। चिड़ियाघर के डॉ. अनुराग सिंह ने बताया कि तेंदुआ काफी फुर्तिला है। तेज रफ्तार से भागता है।

घने जंगल तक नहीं पहुंच पा रही टीम
आईआईटी के घने जगलों तक टीम नहीं पहुंच पा रही है। कुछ हिस्सा ऐसा है, जहां पानी भरा हुआ है। मिट्टी दलदली है। संस्थान के ड्रोन भी फेल साबित हुए हैं। कुछ छोटे ड्रोन जरूर मंगवाए गए हैं, लेकिन पेड़ पौधे और झाड़ होने से उसके संचालन में कठिनाई आ रही है।

खरगोश और जंगली सुअर दिखाई दिए
वन विभाग की टीम को जंगल के अंदर सुअर, खरगोश और कई छोटे अन्य जीव नजर आए हैं। कुछ जगहों पर सियाही भी दिखाई दी। तेंदुए के इन्हीं छोटे जानवरों का शिकार करने की संभावना है। जंगल के अंदर मोर और बंदर भी हैं। टीम की ओर से तेंदुए के आने और जाने वाले स्थान पर नए ट्रैप लगाए गए हैं।

ये भी पढ़ें-ZIM vs NED T20: नीदरलैंड के आगे पस्त हुई जिम्बाब्वे टीम, मिला 118 रनों का लक्ष्य

संबंधित समाचार