किच्छा: किसान मजदूर महापंचायत की तैयारी में जुटे इंट्रार्क कर्मचारी
किच्छा, अमृत विचार। इंट्रार्क कंपनी के आंदोलनरत कर्मचारियों ने आगामी 18 नवंबर को आयोजित होने वाली अनिश्चितकालीन मजदूर किसान महापंचायत को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। पिछले करीब 15 महीनों से कर्मचारियों द्वारा कंपनी प्रबंधन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। विगत दिनों यूनियन अध्यक्ष दलजीत सिंह को जान से मारने की …
किच्छा, अमृत विचार। इंट्रार्क कंपनी के आंदोलनरत कर्मचारियों ने आगामी 18 नवंबर को आयोजित होने वाली अनिश्चितकालीन मजदूर किसान महापंचायत को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। पिछले करीब 15 महीनों से कर्मचारियों द्वारा कंपनी प्रबंधन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।
विगत दिनों यूनियन अध्यक्ष दलजीत सिंह को जान से मारने की धमकी दिए जाने से कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। यूनियन अध्यक्ष को धमकाने का मामला अभी ठंडा नहीं हुआ है, कर्मचारियों ने अब प्लांट हेड पर कर्मचारियों के साथ गाली गलौज कर मारपीट को अमादा होने का आरोप लगाया है। कंपनी गेट पर धरना दे रहे कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि श्रमिक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष दिनेश तिवारी, इंटरार्क कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष दलजीत सिंह, कर्मचारी नेता श्रीराम यादव, ठाकुर सिंह, दीपक सनवाल, दिनेश भट्ट आदि बैठक करते हुए 18 नवंबर के कार्यक्रम को लेकर योजना बना रहे थे कि इसी दौरान पंतनगर एवं किच्छा प्लांट हेड ने कंपनी के भीतर से कुछ कर्मचारियों को साथ लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे कर्मचारियों से गाली गलौज करते हुए मारपीट करने का प्रयास किया।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि प्लांट हेड द्वारा आंदोलनरत कर्मचारियों को उकसाने का प्रयास कर सुनियोजित षड्यंत्र के तहत माहौल खराब करने एवं बड़ी घटना को अंजाम देने की कोशिश की जा रही है, लेकिन आंदोलन कर रहे कर्मचारियों की सूझबूझ के चलते कंपनी प्रबंधन का षड्यंत्र पूरी तरह से विफल हो गया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन द्वारा मजदूरों एवं कर्मचारियों को तरह-तरह की यातनाएं दिए जाने के बावजूद कर्मचारियों का मनोबल न टूटने से कंपनी प्रबंधन बौखला गया है और शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे कर्मचारियों को योजना के तहत फंसाने की कोशिश की जा रही है, जिससे 18 नवंबर को आयोजित होने वाली महापंचायत को विफल किया जाए।
कर्मचारियों का आरोप है कि प्लांट हेड मनोज रोहेला, मेंटेनेंस हैड एम एम भट्ट, मेहरबान सिंह नेगी, विनोद मौर्य, राज कुमार लोहनी, राजेंद्र प्रसाद जोशी, संदीप मिश्रा, राकेश कुमार जोशी, देवेंद्र पुरी, राजेंद्र जगमोला, प्रशांत मंडल सहित एक दर्जन अन्य लोगों ने कर्मचारियों को धमकाने का काम किया और धक्का-मुक्की कर घटना का वीडियो बनाने का विरोध किया। इस मौके पर यूनियन अध्यक्ष दलजीत सिंह, महामंत्री पान मोहम्मद, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।
