कानपुर: अमृत विचार की खबर का असर, पांडु नदी के पानी में फंसे लोग किए जाएंगे शिफ्ट, डीएम ने किया निरीक्षण

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, कानपुर। पांडु नदी की बाढ़ में फंसे लोग शिफ्ट किए जाएंगे। अमृत विचार की खबर का संज्ञान लेकर डीएम विशाख जी अय्यर गुरुवार को मेहरबान सिंह पुरवा पहुंचे और पांडु नदी के उफान से डूबे क्षेत्रों का निरीक्षण किया। सबसे ज्यादा समस्या बर्रा आठ के वरुण विहार की बस्तियों में है। जिसकी खबर …

अमृत विचार, कानपुर। पांडु नदी की बाढ़ में फंसे लोग शिफ्ट किए जाएंगे। अमृत विचार की खबर का संज्ञान लेकर डीएम विशाख जी अय्यर गुरुवार को मेहरबान सिंह पुरवा पहुंचे और पांडु नदी के उफान से डूबे क्षेत्रों का निरीक्षण किया। सबसे ज्यादा समस्या बर्रा आठ के वरुण विहार की बस्तियों में है। जिसकी खबर बीते दिनों अमृत विचार ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी।

डीएम ने उप जिलाधिकारी सदर को निर्देशित किया कि पानी से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान में शिफ्ट किया जाए। इसके साथ नगर निगम के माध्यम से क्षेत्र में अभियान चलाकर सफाई कराने और क्षेत्र में दवा का छिड़काव किए जाने के भी निर्देश दिए। बारिश के बाद साउथ क्षेत्र के मेहरबान सिंह पुरवा में पांडु नदी का पानी कई बस्तियों में घुस गया है। नदी के डाउन स्ट्रीम क्षेत्र बर्रा आठ वरुण विहार की बस्ती पूरी तहर से डूब गई है। इसके साथ ही मेहरबान सिंह पुरवा के कई और क्षेत्रों में पानी प्रवेश करता जा रहा है। जिससे लोगों में खौफ बना हुआ है।

डीएम विशाख जी ने नगर निगम, सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग, केस्को के अधिकारियों के साथ क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर को निर्देशित करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में जलभराव की समस्या ज्यादा है उस क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान में शिफ्ट किया जाए। नगर निगम के अधिकारियों से क्षेत्र में अभियान चलाकर सफाई कराने और क्षेत्र में दवा का छिड़काव किए जाने के निर्देश दिए।

लटकते बिजली के तारो को करें ठीक
डीएम ने केस्को के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि क्षेत्र में लटकते बिजली के तारो को ठीक कराया जाए। साथ ही अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि संपूर्ण प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए ऐसी कार्य योजना बनाए जिससे कि भविष्य में जल भराव की समस्या का समाधान हो सकें । निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी अतुल कुमार, अपर नगर आयुक्त सूर्यकांत तिपाठी, उप जिलाधिकारी सदर समेत सम्बन्धित विभागों के अधिकारी रहे।

भरे पानी में घूम रहे मगरमच्छ और सांप
बेमौसम बारिश से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। गंगा से भारी मात्रा में छोड़े जा रहे पानी के चलते पांडु नदी उफान पर है। बर्रा-8, वरुण विहार बस्ती, बिहारीपुरवा, फत्तेपुर और मेहरबान सिंह का पुरवा में बाढ़ का पानी घुस गया है। इंदिरा नगर में हालात ये हैं कि वहां भरे पानी में मगरमच्छ और सांप तक घूमते देखे गए हैं। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि बारिश और बाढ़ के पानी के चलते क्षेत्र में बीते 5 दिनों से पानी भरा हुआ है। पानी में मगरमच्छ और सांप तक तैर रहे हैं। जिससे क्षेत्र में दहशत है। पुलिस और वन विभाग को सूचना भी दी गई। लेकिन कुछ नहीं हुआ। करीब 2 हजार की आबादी बेहद परेशान है। वहीं मगरमच्छ और सांपों की वजह से इलाके में दहशत का माहौल है।

यह भी पढ़ें:-कानपुर: जन्मदिन मनाकर लौट रहे दो युवक पांडु नदी में डूबे

संबंधित समाचार