अयोध्या: सरकार की आमद मरहबा, आका की आमद मरहबा… शान से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी

अयोध्या: सरकार की आमद मरहबा, आका की आमद मरहबा… शान से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी

अयोध्या। अल्लाह के आखिरी नबी हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस पर आयोजित जश्न ईद मीलादुन्नबी के मौके पर रविवार को शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी अपनी परम्परागत अंदाज शान के साथ निकाला गया। नार ए तकबीर अल्लाह हो अकबर की सदाएं गूंजती रही। मंच से मुल्क में शांति, तरक्की और अमन चैन की दुआएं कराई गईं। जुलूस …

अयोध्या। अल्लाह के आखिरी नबी हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस पर आयोजित जश्न ईद मीलादुन्नबी के मौके पर रविवार को शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी अपनी परम्परागत अंदाज शान के साथ निकाला गया। नार ए तकबीर अल्लाह हो अकबर की सदाएं गूंजती रही। मंच से मुल्क में शांति, तरक्की और अमन चैन की दुआएं कराई गईं। जुलूस के दौरान मुस्लिम युवक व बच्चे नबी की शान में नात सुनाते चल रहे थे। सरकार की आदम मरहबा आका की आमद मरहबा, या नबी सलाम अलैका जैसी नात सुनकर मुस्लिम झूम उठे।

इस दौरान अखाड़ा रजाए मुस्तफा हसनू कटरा अखाड़ा रहमते इस्लामिया पुरानी सब्जी मंडी ने करतब पेश किया। वॉकी टॉकी के साथ जिम्मेदार जुलूस की व्यवस्थाओं पर नजर रखे रहे। हरी, लाल और पीले रंग के साफे, पगड़ी और टोपियां लगाये बच्चे एवं युवा रंगीन कपड़ों में अलग छटा बिखरते मदनी व अरबी लिबास पहने नजर आये। चौक, रिकाबगंज, कसाबबाड़ा व सुभाषनगर सहित अन्य जगहों पर हरे, सफेद व नीले रंग के गुब्बारों से की गयी सजावट आकर्षण का केन्द्र रहे। जुलूस मार्ग पर कई जगह भव्य स्टेज सजाये गये थे जिसे मक्का, मदीना जैसा स्वरूप दिया गया था। यहां अंजुमनों में नात पढ़ने वालों को ईनाम भी दिये गये।

मरकजी अंजुमन तबलीग अहले सुन्नत टाटशाह मस्जिद के महासचिव गुलाम अहमद सिद्दीकी ने बताया कि जुलूस-ए-मोहम्मदी टाटशाह मस्जिद कोठापार्चा से सुबह करीब 11 बजे निकाला गया। जुलूस का नेतृत्व मुफ्ती शमशुल कमर, मौलाना नूरुल हुदा, कारी रईस, कारी शाबान, मौलाना फैसल उलेमाओं ने किया। जुलूस में नगर की लगभग चार दर्जन से अधिक अंजुमने व अखाड़े शामिल हुए।

यह जुलूस अपने परम्परागत मार्ग टाट शाह मस्जिद कोठा पार्चा से निकलकर जमुनिया बाग से चौक घंटाघर रिकाबगंज चौराहा से होता हुआ कसाब बड़ा फतेहगंज चौराहा से सुभाष नगर होते हुए वापस जामा मस्जिद टाट शाह पहुंचा। यहां पर दुआ और सलाम के बाद जुलूस का समापन हुआ। जुलूस शांतिपूर्ण निकला। इस दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। एसपी सिटी, सीओ व नगर कोवाली प्रभारी सभी व्यवस्थाओं पर नजर रखे रहे।

लोगों को लुभाता रहा मदीना व काबा का चित्र
रविवार को मरकजी अंजुमन तबलीग अहले सुन्नत टाटशाह मस्जिद की ओर से निकाले गये जुलूस ए मोहम्मदी में शामिल मदीना व काबा का चित्र लोगों के आकर्षण का केन्द्र रहा। विभिन्न अंजुमनों के सदस्य जिसमें यह हजरत मोहम्मद साहब के रौजे के प्रतीक व मदीना मुनव्वरा की तस्वीर हाथों में बैनर लेकर चल रहे थे। चौक में लंगरे रसूल का आयोजन समाजसेवी शादाब खान के तत्वावधान में हुआ।

यह भी पढ़ें:-बरेली: मुस्लिम शिया समाज में धूमधाम से मनाई ईद-ए-जैहरा, अजादारी खत्म होने के बाद पहने नए कपड़े