बिजनौर: ‘बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की प्रतिबद्धता’
बिजनौर, अमृत विचार। पशुधन, दुग्ध विकास एवं प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह, माध्यमिक शिक्षा विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी और गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने गुरुवार को निरीक्षण पर रहे। प्राथमिक विद्यालय व आंगनबाडी केंद्र रशीदपुर गढ़ी का निरीक्षण कर बच्चों से वार्ता की। यहां गर्भवती महिलाओं की …
बिजनौर, अमृत विचार। पशुधन, दुग्ध विकास एवं प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह, माध्यमिक शिक्षा विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी और गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने गुरुवार को निरीक्षण पर रहे। प्राथमिक विद्यालय व आंगनबाडी केंद्र रशीदपुर गढ़ी का निरीक्षण कर बच्चों से वार्ता की। यहां गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की और बच्चों के अन्नप्राशन में अपनी भूमिका का निर्वाह किया। प्रभारी मंत्री ने प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण में उपस्थिति पंजिका जांची। बच्चों की संख्या की जानकारी ली।

तीनों मंत्रियों ने जिला पुरुष व महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। अस्पताल में पोषण पुर्नवास केंद्र (एनआरसी) का उद्घाटन कर मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। सीएमएस ने बताया कि पोषण पुर्नवास केंद्र (एनआरसी) में अभी 21 बच्चे स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए कटिबद्ध है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता है कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों। अस्पताल में व्यवस्थाएं ठीक हैं, लेकिन अभी कुछ और सुधार की आवश्यकता है। सरकार हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने का कार्य कर रही है। जहां भी चिकित्सकों की कमी होगी, उसको प्राथमिकता पर पूर्ण किया जाएगा।
मंत्रियों के समूह ने रसोई घर का भी निरीक्षण किया। पूछा कि अस्पताल में ऑक्सीजन की व्यवस्था है या नहीं? इस पर जिलाधिकारी ने बताया कि जिला पुरुष व महिला अस्पताल में ऑक्सीजन की व्यवस्था है। मंत्रियों ने जिला महिला चिकित्सालय में 100 शैय्या के मैटरनिटी वार्ड में मरीजों से बातचीत कर उनका हाल जाना। औषधि वितरण कक्ष का निरीक्षण कर सामान्य मरीज व गर्भवती महिलाओं के लिए अलग-अलग लाइन होने पर संतोष व्यक्त किया। पैथोलाजी लैब व सैंपल कलेक्शन सेंटर की व्यवस्था भी देखी।
शिक्षक बच्चों से करें मधुर व्यवहारः गुलाब देवी
माध्यमिक शिक्षा विभाग की राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने अध्यापिकाओं से पूछा कि कुछ बच्चे विद्यालय आने से क्यों डरते हैं। जिस पर उन्होंने स्वयं बताया कि जो बच्चे पढ़ने में कमजोर होते हैं, वे डरते हैं। उन्होंने प्रधानाध्यापक व अध्यापिकाओं से कहा कि वे बच्चों को अच्छी शिक्षा व संस्कार दें। विद्यालय का माहौल ऐसा बनाएं कि बच्चे अपनी समस्याएं व बात रखने में परेशान नहीं हों। उन्होंने कहा कि जहां दिखावट होती है, वहां बनावट होती है तथा जहां बनावट होती है, वहां मिलावट होती है, जहां मिलावट होती है, वहां गिरावट होती है। उन्होंने प्रधानाध्यापक व अध्यापिकाओं से कहा कि वह विद्यालय में बच्चों से मधुर व्यवहार करें, क्योंकि जब सारी चीजें मर्यादा में होती हैं, तब सब ठीक होता है।
हर नागरिक का सफर सुगम व सुरक्षित हो
मंत्रियों ने कहा कि सरकार आमजन को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध हो, इसके लिए निरन्तर गंभीरतापूर्वक प्रयासरत हैं। प्रदेश सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने रक्षा बंधन पर प्रदेश की मां व बहनों को निशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई है। हर नागरिक का सफर सुगम व सुरक्षित हो। इस दौरान एआरएम रोडवेज धीरज सिंह ने बताया कि मंत्रियों ने दिल्ली के लिए दो बसों का उद्घाटन किया। इसके बाद बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तीनों मंत्रियों ने बस स्टेंशन पर यात्रियों से बस सेवाओं की जानकारी ली। परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे देखे। उन्होंने रोडवेज बस स्टेंशन में शौचालयों व परिसर में सफाई का निरीक्षण भी किया और मौजूद यात्रियों से वार्ता की।
मलिन बस्ती में नागरिकों से ली पीएम आवास योजना की जानकारी
रविदास नगर का निरीक्षण कर क्षेत्रवासियों से सफाई व स्वच्छता के संबंध में जानकारी ली। योजनाओं के लाभ से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे। मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि सरकार की ओर से योजनाओं का लाभ हर वर्ग के व्यक्ति को बिना भेदभाव के दिया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत बनाए गए आवासों के स्वामियों से उन्हें मिली धनराशि व किश्तों की जानकारी ली। इस दौरान सदर विधायक सूची चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा सुभाष बाल्मीकि, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह, बीएसए जयकरन यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय कुमार गोयल, सीएमएस जिला अस्पताल डॉ. अरूण कुमार पांडेय, सीएमएस जिला महिला अस्पताल डॉ. प्रभा रानी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंत्रियों ने गायों को खिलाया गुड़
नुमाइश ग्राउड के पास स्थित कान्हा गो-आश्रय स्थल का निरीक्षण कर गायों को पुष्प माला पहनाई व गुड खिलाया।
मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि गोवंशीय पशुओं को अच्छा चारा खिलाया जाए तथा अमरोहा जैसी घटनाओं की पुर्नरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि चारे की गुणवत्ता को भी देखा जाए। उन्होंने वहां कितने गोवंश आश्रय स्थल में संरक्षित हैं इसकी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गाय के गोबर के अनेक उपयोग है, जिस पर कार्य करने की आवश्यकता है। इस दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.विजेन्द्र सिंह ने बताया कि कान्हा गोआश्रय स्थल में 194 गोवंश संरक्षित हैं और यह आश्रय स्थल करीब 2.89 करोड रुपये की लागत से बना है।
ये भी पढ़ें:- मथुरा: पुलिस लाइन के गेट पर हुआ जलभराव, एसएसपी ने किया अनदेखा
