Commonwealth Games 2022 : कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल की बरसात, बॉक्सिंग में नीतू ने जीता गोल्ड, महिला हॉकी टीम का ब्रॉन्ज पर कब्जा

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बर्मिंघम। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत का बेहतरीन प्रदर्शन जारी है। रविवार यानी 7 अगस्त को कॉमनवेल्थ गेम्स के दसवें दिन भारत को बॉक्सिंग का पहला गोल्ड मिल गया है। नीतू ने इंग्लैंड की डेमी जेड को 5-0 से हराते हुए गोल्ड जीता है। यह गेम्स के मौजूदा सीजन में भारत का 14वां गोल्ड है। उसने …

बर्मिंघम। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत का बेहतरीन प्रदर्शन जारी है। रविवार यानी 7 अगस्त को कॉमनवेल्थ गेम्स के दसवें दिन भारत को बॉक्सिंग का पहला गोल्ड मिल गया है। नीतू ने इंग्लैंड की डेमी जेड को 5-0 से हराते हुए गोल्ड जीता है। यह गेम्स के मौजूदा सीजन में भारत का 14वां गोल्ड है। उसने मेडल टैली में मेडल्स की कुल संख्या 41 हो गई है। भारत के हिस्से  में 11 सिल्वर और 11 ब्रॉन्ज भी आए हैं।

 

भारतीय महिला हॉकी टीम ने 16 साल बाद जीता ब्रॉन्ज मेडल
दूसरी ओर भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को न्यूजीलैंड को शूटआउट में मात देकर 16 साल बाद राष्ट्रमंडल खेलों में ब्रॉन्ज मेडल जीता। भारत ने कांस्य पदक मैच में न्यूजीलैंड को 1-1 (शूटआउट में 2-1) से हराकर यह तमगा अपने नाम किया। सलीमा टेटे (29′) ने भारत का एकलौता गोल किया, जबकि कीवी टीम की ओर से ओलिविया (59′) ने गोल किया। शूटआउट में भारत के लिए सोनिका और नवनीत ने गोल किए। मैच का पहले क्वार्टर में भारत ने न्यूज़ीलैंड पर दबदबा बनाया, मगर कीवी गोलकीपर ने भारत को खाता नहीं खोलने दिया।

दूसरे क्वार्टर में भारत ने आक्रामक रवैया बरकरार रखा और जब हाफ टाइम में दो मिनट का समय बचा था तब सलीमा टेटे ने गेंद को नेट तक पहुंचाकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलायी। मैच के तीसरे क्वार्टर में न्यूज़ीलैंड मैच को बराबरी पर लाने के लिये आतुर थी। जब क्वार्टर-3 की समाप्ति में सिर्फ दो मिनट बचे थे तब न्यूज़ीलैंड ने एक गोल किया भी, मगर भारत के वीडियो रेफरल के बाद उसे अमान्य घोषित कर दिया गया। भारत मैच के 58वें मिनट तक 1-0 से आगे चल रहा था और कांस्य पदक से एक हाथ की दूरी पर था कि तभी लालरेमसियामी को येलो कार्ड मिला और फील्ड पर सिर्फ 10 भारतीय खिलाड़ी रह गये। ज्यादा खिलाड़ियों की बदौलत न्यूजीलैंड ने भारतीय हाफ में जगह बना ली। यहां पहले कीवियों को पेनल्टी कॉर्नर और फिर पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसके उपयोग से न्यूज़ीलैंड ने स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया।

भारत को सेमीफाइनल मैच के शूटआउट में ऑस्ट्रेलिया से 3-0 से मात मिली थी, और यह मैच भी शूटआउट में जा चुका था। न्यूज़ीलैंड ने पहले प्रयास में स्कोर किया जबकि भारत असफल रहा, जिससे टीम पर दबाव बढ़ गया। यहां भारत की अगुवाई करते हुए कप्तान सविता पूनिया ने न्यूज़ीलैंड के अगले चारों प्रयास रोके, जबकि सोनिका और नवनीत ने एक-एक गोल करके भारत को 2-1 से जीत दिलायी। भारतीय महिला हॉकी टीम ने 16 साल बाद राष्ट्रमंडल खेलों में कोई पदक जीता है। इससे पहले मैनचेस्टर 2006 खेलों में भारत ने महिला हॉकी का रजत पदक जीता था।

ये भी पढ़ें : CWG 2022 : कांस्य पदक जीतने पर भी पूजा गहलोत ने देश से मांगी माफी, पीएम मोदी ने बढ़ाया हौसला

संबंधित समाचार