बरेली: अमृत महोत्सव पर हर घर लहराएगा तिरंगा

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। आजादी के अमृत महोत्सव (75 वर्ष पूर्ण होने पर) पर इस बार जिले के हर घर में तिरंगा झंडा लहराए जाने की तैयारी शासन की ओर से की जा रही है। जिले में सभी विभागों को झंडा तैयार किए जाने के लिए लक्ष्य निर्धारित किया जाएगा। प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों …

बरेली, अमृत विचार। आजादी के अमृत महोत्सव (75 वर्ष पूर्ण होने पर) पर इस बार जिले के हर घर में तिरंगा झंडा लहराए जाने की तैयारी शासन की ओर से की जा रही है। जिले में सभी विभागों को झंडा तैयार किए जाने के लिए लक्ष्य निर्धारित किया जाएगा। प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों के अधिकारियों को लक्ष्य निर्धारित किए जा रहे हैं। 11 से 17 अगस्त के मध्य मकान की छतों पर तथा प्रतिष्ठान पर लगाया जाएगा।

शासन के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र की ओर से सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव के साथ ही जिला प्रशासन को जारी किए आदेश में स्पष्ट कहा है कि हर घर तिरंगा फहराने का कार्यक्रम प्रत्येक सरकारी, अर्द्ध सरकारी कर्मचारी, शिक्षक, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्वयं सहायता समूहों एवं विभिन्न नागरिक संगठनों के माध्यम से किया जाना है।

वाणिज्यक एवं व्यावसायिक समूहों एवं संगठनों को उनकी सहभागिता एवं तिरंगा झंडा बनवाने के लिए सीएसआर संसाधनों को उपलब्ध कराए जाने के लिए प्रेरित किया जाए। ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम किए जाएं। झंडा निर्माण के लिए स्वयं सहायता समूहों, टेलरों के साथ आईटीआई व वोकेशनल प्रशिक्षण केंद्रों के दक्षकारों का चयन किया जाए।

नगरीय एवं ग्राम पंचायतों में लोगों का झंडा क्रय करने के लिए प्रेरित किया जाए। जिले के सभी सरकारी, सार्वजनिक क्षेत्र के प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों, व्यवसायिक, वाणिज्यक प्रतिष्ठानों के साथ रेस्टोरेंट, टोल प्लाजा पुलिस, थाना चौकी, ब्लाक के साथ परिवहन निगम की सभी बसों, निजी बसों, ट्रकों सार्वजनिक परिवहन के संसाधनों, सरकारी वाहनों पर हर घर तिरंगा के स्टीकर लगाए जाएं।

इन कर्मचारियों को सौंपा जाएगा लक्ष्य
अमृत महोत्सव को धूमधाम से मनाए जाने के लिए तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत समस्त सरकारी अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा बहु आदि को पूर्व में लक्ष्य दिया जाएगा। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

यह होगा कार्यक्रम
– 5 से 10 जून तक झंडा सिलाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

– 10 से 15 जून प्रेरकों का प्रशिक्षण, शैक्षिक संस्थानों में बैठक।

– 15 जून से 15 जुलाई तक लक्ष्य के अनुरूप झंडों का निर्माण।

– 15 जुलाई से 5 अगस्त तक घरों, प्रतिष्ठानों, स्कूलों में झंडे पहुंचाए जाएंगे।

इसे भी पढ़ें- बरेली: आईवीआरआई में रैली निकालकर दिया जागरुकता का संदेश

संबंधित समाचार