रुद्रपुर: चारा का कट्टा उठाने में मांगी मदद तो फोड़ दिया सिर

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। चारे का कट्टा उठाने को लेकर दो पक्षों में बवाल हो गया। विवाद के बाद चले लाठी डंडे और पथराव से दोनों पक्षों की दो महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। लोगों ने बीच बचाव कर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत …

रुद्रपुर, अमृत विचार। चारे का कट्टा उठाने को लेकर दो पक्षों में बवाल हो गया। विवाद के बाद चले लाठी डंडे और पथराव से दोनों पक्षों की दो महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। लोगों ने बीच बचाव कर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर छह लोगों को नामजद करते हुए 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

शास्त्री नगर, ट्रांजिट कैंप निवासी नन्नी देवी ने थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस को बताया कि वह लोग जानवर पालकर जीवन यापन करते हैं। गुरुवार रात 10 बजे उसका पति राजपाल चारा लेने अमर सिंह की दुकान में गया। जहां चारा लेने के बाद उसके पति राजपाल ने अमर सिंह से चारे का कट्टा उठाने में मदद मांगी तो वह भड़क गया। आरोप है कि उसने उसके पति से गालीगलौज कर दी।

विरोध करने पर अमर सिंह ने लोहे के रॉड से उसके पति राजपाल पर हमला कर दिया। साथ ही उसे मरा समझकर वहां से उठाकर सड़क किनारे फेंक दिया। जानकारी होने पर उसकी पत्नी राजेश, कोमिल, राममूर्ति के साथ अमर सिंह के घर के बाहर पहुंची। जहां उसका पति खून से लथपथ पड़ा हुआ था। उनके वहां पहुंचते ही अमर सिंह ने रमन पाल, कमलजीत, अखिलेश के साथ मिलकर उन पर भी हमला कर दिया। जिससे राजेश, कोमिल और राममूर्ति घायल हो गए। आरोप है कि उन्होंने उनकी बाइक भी छीन ली। शोर शराबा होने पर आसपास के लोगों ने बीच बचाव कराया।

उधर, दूसरे पक्ष के अमर सिंह का आरोप है कि गुरुवार रात वह घर में था। इसी बीच राजपाल सिंह, कोमिल तथा उनके 15 अन्य साथी उसके घर आ गए। इस दौरान वे लोग जबरन घर में घुस आए और अभद्रता करते हुए उन पर हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने पथराव करते हुए ईंटों से भी हमला किया। जिससे उसकी पत्नी को चोट लग गई और वह बेहोश हो गई। शोर होने पर आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपित बाइक छोड़कर फरार हो गए। थानाध्यक्ष सुंदरम शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार