अयोध्या: मुख्यमंत्री योगी श्रीराम जन्मस्थली की कल रखेंगे आधारशिला, संस्कार स्थली का करेंगे उद्घाटन

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अयोध्या। अयोध्या में बुधवार को अद्भुत संयोग बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इसके साक्षी होंगे। योगी भगवान की राम की जन्मस्थली पर गर्भगृह का शिलापूजन करने के बाद वहीं पास में ही रामलला की संस्कार स्थली पर बने द्रविण शैली के मंदिर श्री रामलला सदन का उद्घाटन भी करेंगे। इस दौरान डिप्टी …

अयोध्या। अयोध्या में बुधवार को अद्भुत संयोग बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इसके साक्षी होंगे। योगी भगवान की राम की जन्मस्थली पर गर्भगृह का शिलापूजन करने के बाद वहीं पास में ही रामलला की संस्कार स्थली पर बने द्रविण शैली के मंदिर श्री रामलला सदन का उद्घाटन भी करेंगे। इस दौरान डिप्टी सीएम व राम मंदिर आंदोलन से जुड़े 90 मठ-मंदिरों के संत महंत भी मौजूद रहेंगे। दोनों आयोजनों को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

राममंदिर के गर्भगृह निर्माण के पहले रामार्चा, दुर्गा सप्तशती, रुद्राभिषेक, राम रक्षा स्त्रोत, विष्णु सहस्त्रनाम, हनुमान चालीसा, सुंदरकांड का पाठ चल रहा। अलग-अलग समय पर प्रकांड विद्वानों द्वारा पहले से ही अनुष्ठान चल रहा है, जिसका समापन शिलापूजन के बाद हो जाएगा। सुबह 9 बजे तराशे गए पत्थरों से गर्भगृह का निर्माण प्रारंभ हो जाएगा। 9:30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामलला के गर्भगृह के प्रथम शिला का पूजन कर निर्माण कार्य का आगाज कराएंगे।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्र की मानें तो गर्भगृह का निर्माण दिसंबर 2023 में पूरा हो जाएगा। लगभग 12 बजे तक मंदिर परिसर में रहने के बाद मुख्यमंत्री वहां से 100 मीटर दूर रामलला सदन जाएंगे। वहां तीन साल से बन रहे द्रविड़ शैली के मंदिर का उद्घाटन करेंगे। तीन घंटे के दौरान अयोध्या सुरक्षा के शिकंजे में जकड़ी नजर आएगी। रूट डायवर्जन भी किया जाएगा।

राम जानकी के अलावा भगवान विष्णु का भी है मंदिर

रामलला की संस्कार स्थली रामलला सदन के महंत व देश के प्रसिद्ध कथावाचक जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी राघावाचार्य ने बताया कि मंदिर में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण व जानकी के साथ भगवान विष्णु, हनुमान जी और रंगनाथ जी सहित जय-विजय की प्रतिमाओं की स्थापना की जा रही है। मंदिर में भगवान विष्णु के वाहन गरुण के 30 फिट ऊंचे स्तंभ का निर्माण किया गया है। उन्होंने बताया कि सीएम योगी दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर यहां पहुंचेंगे। उनके हाथों ही मंदिर का उद्घाटन होगा। कार्यक्रम में जगद्गुरु श्रीनिवासाचार्य कांची, श्रीरंग मंदिर वृंदावन के अध्यक्ष स्वामी रंगाचार्य व जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी वासुदेवाचार्य विद्या भास्कर प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे।

सीएम योगी का मिनट टू मिनट कार्यक्रम

  • सुबह 9:10 पर पहुंचेंगे राम कथा पार्क हेलीपैड।
  • 9:15 पर हनुमानगढ़ी में करेंगे दर्शन पूजन।
  • 9:30 जन्मभूमि परिसर में गर्भगृह का करेंगे शिलापूजन।
  • 12:10 पर रामलला सदन में करेंगे मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा।
  • 12:20 पर राम कथा पार्क हेलीपैड से लखनऊ होंगे रवाना।
  • सुबह 8:40 पर डिप्टी सीएम केशव मौर्य पुलिस लाइन में हेलीकॉप्टर से उतरेंगे।

यह भी पढ़ें:-राष्ट्र नायकों को जो सम्मान मिलना चाहिये था, कांग्रेस ने नहीं दिया: मुख्यमंत्री योगी

संबंधित समाचार