वरिष्ठ अकाली दल नेता तोता सिंह का निधन, पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह ने जताया दुख

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व मंत्री 81 वर्षीय तोता सिंह का शनिवार को मोहाली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। सिंह लंबे समय से बीमार थे। सिंह शिअद के नेतृत्व वाली सरकार में कृषि और शिक्षा मंत्री थे। वह वरिष्ठ उपाध्यक्ष और शिअद की कोर कमेटी …

चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व मंत्री 81 वर्षीय तोता सिंह का शनिवार को मोहाली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। सिंह लंबे समय से बीमार थे। सिंह शिअद के नेतृत्व वाली सरकार में कृषि और शिक्षा मंत्री थे। वह वरिष्ठ उपाध्यक्ष और शिअद की कोर कमेटी के सदस्य थे।

सिंह शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य भी थे। सिंह 1997 में पहली बार मोगा विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। उन्हें उस समय प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व वाली सरकार में शिक्षा मंत्री के रूप में शामिल किया गया था। वह 2002 के विधानसभा चुनावों में मोगा से फिर से चुने गए लेकिन 2007 में वह हार गए। सिंह 2012 में धर्मकोट विधानसभा सीट से चुने गए और कृषि मंत्री बने।

सिंह हालांकि, 2017 और 2022 में विधानसभा चुनाव हार गए। सिंह का अंतिम संस्कार 24 मई को मोगा में उनके पैतृक स्थान पर किया जाएगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाबी में एक ट्वीट कर सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया। शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने उन्हें पितातुल्य बताया है।

बादल ने ट्वीट किया, ‘‘वरिष्ठ अकाली नेता जत्थेदार तोता सिंह जी के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। जत्थेदार साहब मेरे लिए पिता तुल्य थे और हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत थे। उनकी अमूल्य सलाह और परामर्श हमेशा याद रहेगा।

दुख की इस घड़ी में मैं बराड़ परिवार के साथ हूं।’’ शिअद नेता दलजीत सिंह चीमा ने कहा, ‘‘सभी को यह सूचित करते हुए दुख हो रहा है कि पूर्व मंत्री एवं शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता तोता सिंह जी आज सुबह हमें छोड़कर चले गए। उनका अंतिम संस्कार 24 मई (मंगलवार) सुबह 11 बजे मोगा में किया जाएगा।’’

कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भी तोता सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। वडिंग ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘अनुभवी अकाली नेता जत्थेदार तोता सिंह जी के दुखद निधन पर मेरी संवेदनाएं।’’

पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा, ‘‘मेरी संवेदनाएं पूर्व कृषि मंत्री जत्थेदार तोता सिंह जी के परिवार के साथ हैं, जिनका आज निधन हो गया। मैं वाहेगुरु जी से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’’

इसे भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में बुजुर्ग की हत्या पर विपक्ष ने शिवराज सरकार पर बोला हमला, कांग्रेस नेता ने पूछा- आखिर प्रदेश में ये क्या हो रहा है

संबंधित समाचार