हल्द्वानी: 11 सालों में सड़क निर्माण में 1.64 करोड़ ही खर्च हुए

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

नरेन्द्र देव सिंह, हल्द्वानी। अपनी चकाचक सड़कों के लिये एक समय पहचान रखने वाला हल्द्वानी शहर अब अपनी बदहाल सड़कों के लिये जाना जाता है। नगर निगम क्षेत्र में आने वाली सड़कों की दुर्दशा जारी है। नगर निगम के पास सड़क निर्माण के लिये पर्याप्त रुपये भी नहीं हैं। नगर निगम शहर में सड़क निर्माण …

नरेन्द्र देव सिंह, हल्द्वानी। अपनी चकाचक सड़कों के लिये एक समय पहचान रखने वाला हल्द्वानी शहर अब अपनी बदहाल सड़कों के लिये जाना जाता है। नगर निगम क्षेत्र में आने वाली सड़कों की दुर्दशा जारी है। नगर निगम के पास सड़क निर्माण के लिये पर्याप्त रुपये भी नहीं हैं।

नगर निगम शहर में सड़क निर्माण को लेकर पिछले पायदान पर खड़ा है। नगर निगम बनने के बाद से इसके अधीन की गई सड़कें बजट के अभाव में खराब हो रहीं हैं। पिछले दिनों लोनिवि ने कुछ अन्य सड़कों का जिम्मा भी नगर निगम को सौंप दिया। इसके बाद से स्थिति और भी बुरी हो गई है। नगर निगम के पास पहले से ही मौजूद सड़कों को संभालने के लिये धन का अभाव था।

अब और सड़कों का जिम्मा आने के बाद सड़कों की स्थिति और भी ज्यादा खराब हो गई है। हल्द्वानी जैसे महानगर में पिछले 11 साल में नगर निगम ने सड़क निर्माण में केवल 1.64 करोड़ रुपये ही खर्च किये हैं। इसी से समझा जा सकता है कि नगर निगम के अधीन आने वाली सड़कों क बजट के अभाव में क्या स्थिति हो रही है। यही नहीं साल 2016-17 में नगर निगम ने शहर में सड़क निर्माण में एक भी रुपया खर्च नहीं किया। इस समय की बात करें तो शहर के भीतर ज्यादातर सड़कों की सूरत बिगड़ चुकी है। सड़कों में गड्ढे होना अब आम बात हो गई है। नगर निगम के अधिकारी हमेशा बजट न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं।

ग्राम पंचायत में रहते तो ज्यादा लाभ मिलता
हल्द्वानी। नगर पालिका परिषद से नगर निगम बनाने में 35 और वार्डों को जोड़ा गया। नये क्षेत्रों में दमुवाढूंगा, ब्यूराखाम, मल्ली और तल्ली बमौरी, मुखानी, बिठोरिया, जज फार्म जैसे इलाकों को भी शामिल किया। पहले यह क्षेत्र ग्राम पंचायत में थे। ग्राम पंचायत के दौरान इन क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति सही थी लेकिन अब नगर निगम में आने के बाद से इन क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति खराब हो गई है।

पहले से मौजूद सड़कें संभली नहीं 424 नई सड़कें और मिलीं
हल्द्वानी। हाल ही में लोनिवि ने नगर निगम को 424 सड़कों का स्वामित्व सौंपा है। ये सड़कें हल्द्वानी, कालाढूंगी और लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में आतीं हैं। अब 571.39 किलोमीटर लम्बी करीब 424 सड़कें भी नगर निगम के स्वामित्व में हैं। निगम क्षेत्र से होकर जाने वाले राज्य मार्गों को छोड़ अन्य सभी सड़कों का रखरखाव और निर्माण कार्य निगम द्वारा ही कराया जाता है।

सड़क निर्माण के लिये बजट का इंतजार है। जैसे ही बजट आ जायेगा, सड़कों का निर्माण शुरू कर दिया जायेगा। लोक निर्माण विभाग ने भी जो नई सड़कों स्वामित्व दिया है उनकी भी देखरेख की जा रही है।
-नवल नौटियाल, अधीक्षण अभियंता, नगर निगम

संबंधित समाचार