बरेली: आजमनगर में गोवंशीय पशु काटते चार तस्कर गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। चौकी पुलिस की सेटिंग से आजमनगर में पशु तस्कर गोवंशीय पशुओं का कटान कर मांस बेच रहे थे। सूचना अधिकारियों का मिली तो पुलिस ने वहां पर दबिश देकर चार लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उनके पास से 95 किलो मांस भी बरामद किया। रात में तस्करों को छोड़ने …

बरेली, अमृत विचार। चौकी पुलिस की सेटिंग से आजमनगर में पशु तस्कर गोवंशीय पशुओं का कटान कर मांस बेच रहे थे। सूचना अधिकारियों का मिली तो पुलिस ने वहां पर दबिश देकर चार लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उनके पास से 95 किलो मांस भी बरामद किया। रात में तस्करों को छोड़ने के लिए सेटिंग चलती रही लेकिन मामला मीडिया में जाने के बाद चारों तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

इंस्पेक्टर कोतवाली हिमांशु निगम ने बताया कि बुधवार की रात उनकी टीम ने आजमनगर में दबिश देकर वहां स्थित एक खंडहर से ताजीम निवासी काजी टोला, कफील निवासी मठ चौकी, लताफत निवासी मठ और अंसार निवासी आजमनगर को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से पुलिस को 95 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

एक लाख में हो जाएगा काम

कोतवाली पुलिस बुधवार शाम को ही आजमनगर में जाकर एक डेयरी के पास से चार लोगों को प्रतिबंधित मांस के साथ गिरफ्तार कर लाई थी। इसके बाद लगातार कुछ पुलिसकर्मियों से सेटिंग की बात चलती रही लेकिन रात में यह बात लीक हो गई। एक सिपाही से तस्करों के करीबियों ने संपर्क साधा तो उसने बताया कि एक लाख रुपयों का इंतजाम करो सब निपट जाएगा। इसके बाद रात में वह सिपाही का मोबाइल नंबर बंद आने लगा। बाद में सारी सेटिंग फेल हो गई।

सात लोगों पर दर्ज हुई रिपोर्ट
पुलिस ने आजमनगर से प्रतिबंधित मांस बरामद करने के मामले में सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। फरार लोगों में काजी टोला का जावेद और चुन्नू और मठ निवासी आसिफ शामिल है। फरार लोगों को पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस ने चार लोगों को गोवंशीय मांस के साथ गिरफ्तार किया है। फरार लोगों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।—रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

ये भी पढ़ें- बरेली जंक्शन पर कोयले से लदी मालगाड़ी में अचानक निकलने लगा धुआं

संबंधित समाचार