बदायूं: पेड़ पर लटका मिला गेहूं निकासी के लिए खेत पर गए युवक का शव

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार । सोमवार को घर पर खाना खाने के बाद चचेरे भाई के साथ गेहूं निकासी के लिए खेत पर गए युवक का शव पेड़ पर लटका मिला। रात में परिवार के लोग इंतजार करके सो गये। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने पेड़ पर शव लटका होने की जानकारी दी। परिजनों ने हत्या …

बदायूं, अमृत विचार । सोमवार को घर पर खाना खाने के बाद चचेरे भाई के साथ गेहूं निकासी के लिए खेत पर गए युवक का शव पेड़ पर लटका मिला। रात में परिवार के लोग इंतजार करके सो गये। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने पेड़ पर शव लटका होने की जानकारी दी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।

कोतवाली दातागंज क्षेत्र के गांव गाजीपुर निवासी अर्जुन (24) पुत्र रमनपाल सिंह होली पर प्राइवेट नौकरी के लिए बरेली गए थे। जहां मेहनताना न देने पर अर्जुन का फैक्ट्री स्वामी से विवाद हो गया था। जिसके चलते अर्जुन नाराज होकर अपने घर लौट आए थे। वह एक दिन रुकने के बाद चार दिन पहले कोतवाली बिल्सी क्षेत्र के गांव सतेती में अपने बहनोई रंजीत के घर चले गए।

जहां बहन ने कहा कि पापा रमनपाल सिंह, भाई सचिन और करन सभी नौकरी कर रहे हैं तो उसे भी काम करना चाहिए। अर्जुन ने कहा कि वह घर पर रहकर अपना खुद का काम शुरू करेगा। कचरी, पापड़ बनाकर बेचेगा। यह काम वह पहले भी कर चुका था। बहनोई रंजीत ने कहा कि उनके पास रहकर अपना काम कर लो।

सोमवार को अर्जुन पापड़, कचरी बनाने संबंधी सामान लेने के लिए अपने घर आ गए। शाम लगभग सात बजे खाना खाया और गांव में जाकर ग्रामीणों से बात की। चचेरे भाई रिंकू ने बताया कि उसके खेत पर गेहूं की निकासी चल रही है। अपनी मां से कहकर अर्जुन उसके साथ खेत पर चला गया। रिंकू के अनुसार रात लगभग 9 बजे अर्जुन उनकी बाइक लेकर खेत से वापस आ गया।

रिंकू सिंह के घर पर उनकी बाइक खड़ी की लेकिन वापस अपने घर नहीं गया। सुबह के समय अर्जुन का शव गांव के पास एक पेड़ पर लटका मिला। पुलिस के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में हैंगिंग से मौत की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच करेगी।

अर्जुन का नहीं था गले में मिला अंगोछा
अर्जुन का शव पेड़ पर लटके होने की सूचना पर उनके पिता रमनपाल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि अर्जुन का शव जिस अंगोछे से लटका था वह अंगोछा न तो अर्जुन का था और न ही परिवार में किसी का। मौके पर अर्जुन की चप्पल भी नहीं थी और न ही उसका मोबाइल था। पैंट भी उतरी हुई थी। इससे साफ हो रहा है किसी ने उन्हें मारकर पेड़ पर लटका दिया।

ये भी पढ़ें-

बरेली: प्रबंधन के छात्रों ने उद्योगों में जाकर सीखे काम करने के तौर तरीके

 

संबंधित समाचार