अयोध्या: छह सूत्रीय मांगों को लेकर नगर निगम के सफाई कर्मियों ने की हड़ताल
अयोध्या। ऐन राम नवमी मेले और नवरात्र-रमजान के मौके पर अयोध्या नगर निगम के दो हजार से अधिक सफाई कर्मी बेमियादी हड़ताल पर चले गए हैं। छह सूत्रीय लम्बित मांगों और सफाई नायकों से अभद्र व्यवहार के मामले में बुलाई गई बैठक में यह फैसला लिया गया। उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ का आरोप है …
अयोध्या। ऐन राम नवमी मेले और नवरात्र-रमजान के मौके पर अयोध्या नगर निगम के दो हजार से अधिक सफाई कर्मी बेमियादी हड़ताल पर चले गए हैं। छह सूत्रीय लम्बित मांगों और सफाई नायकों से अभद्र व्यवहार के मामले में बुलाई गई बैठक में यह फैसला लिया गया।
उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ का आरोप है कि मंगलवार को हुई बैठक में नगर आयुक्त आदि को भी बुलाया गया था, लेकिन कोई नहीं आया। जिस पर मजबूर होकर मांगें पूरी होने तक हड़ताल का फैसला लिया गया है। बुधवार से सफाई ठप होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
संघ के बैनर तले मंगलवार को यहां निगम कार्यालय में हुई बैठक में भारी संख्या में सफाई कर्मी जुटे। कुछ देर बैठक का दौर चला फिर अफसरों के न पहुंचने पर धरने में बदल गया। संघ ने बताया सफाई नायक, सहायक सफाई नायकों से अभद्र व्यवहार पर पहले ही निगम प्रशासन को अल्टीमेटम दे दिया गया था, इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई।
महानगर अध्यक्ष विनय बाघमार ने बताया कि जब तक मांगे नहीं मानी जाती तब तक सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप रहेगी। उन्होंने बताया कि अयोध्या और फैजाबाद जोन मिला कर कुल 2200 कर्मचारी हैं जो बुधवार से हड़ताल पर रहेगें। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन और रामनवमी मेले में सफाई व्यवस्था दोनों कार्य नहीं होंगे। धरने में महानगर महामंत्री राकेश कुमार भारती, मंगल भारती समेत तमाम पदाधिकारी और सफाई कर्मी शामिल रहे।
सफाई कर्मियों द्वारा हड़ताल की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई है। वार्ता के लिए व्यस्तता के कारण नहीं जा सका। कर्मचारियों को काम पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। – विशाल सिंह, नगर आयुक्त, नगर निगम
पढ़ें- हल्द्वानी: कूड़े के ढेर से मिला 4 माह का भ्रूण, पुलिस जांच में जुटी
