रामुपर: मुकद्दस रमजान का नजर आया चांद, एक-दूसरे को दी मुबारकबाद
रामपुर, अमृत विचार। शनिवार की शाम माहे रमजान का चांद नजर आ गया और लोगों ने एक दूसरे को मुकद्दस रमजान की मुबारकबाद दी। शहर की जामा मस्जिद में शहर इमाम मौलाना मुफ्ती महबूब अली के साथ नमाजियों ने चांद देखा और पहला रोजा इतवार के होने का ऐलान किया। इसके अलावा जिले भर में …
रामपुर, अमृत विचार। शनिवार की शाम माहे रमजान का चांद नजर आ गया और लोगों ने एक दूसरे को मुकद्दस रमजान की मुबारकबाद दी। शहर की जामा मस्जिद में शहर इमाम मौलाना मुफ्ती महबूब अली के साथ नमाजियों ने चांद देखा और पहला रोजा इतवार के होने का ऐलान किया। इसके अलावा जिले भर में लोगों ने चांद का दीदार किया।
जामा मस्जिद इंतेजामिया कमेटी के सेक्रेट्री मुकर्रम रजा इनायती ने बताया कि शनिवार की रात से 8:30 बजे इशा की नमाज और तरावीह होगी। रमजान माह के लिए बाजार पूरी तरह सज गए हैं। पूरे दिन खजला, सिवई और फैनी के साथ खजूर की जमकर खरीदारी की गई। शनिवार की शाम को माहे रमजान का चांद नजर आ गया, इसलिए इतवार यानि आज माहे रमजान का पहला रोजा होगा।
मुकद्दस माह के लिए पूरे दिन तैयारी की जाती रही। रमजान में सहरी और इफ्तारी के समय खाई जाने वाली चीजों की खूब खरीदारी की गई। शहर के बाजार नसरुल्लाह खां, बर्तन बाजार, हामिद गेट, शुतरखाना, नालापार, घेर मर्दान खां, बंग्ला आजाद खां, थाना पाकड़, डिग्री कालेज रोड पर खजला और फैनी की दुकानें सज गई हैं।
दुकानदार मोहम्मद अहमद ने बताया कि रमजान माह में वह हर बार दुकान लगाते हैं। खजला और फैनी सहरी में दूध के साथ खाए जाते हैं और इन्हें काफी पसंद किया जाता है। इस बार इनके दाम 100 से 120 रुपये प्रति किलो हैं। खरीदारी कर रहे मोहम्मद आबिद ने बताया कि रमजान का चांद नजर आ गया है और इतवार को रमजान उल मुबारक का पहला रोजा होगा।
माहे रमजान में देर रात तक गुलजार रहते हैं बाजार
माहे रमजान में देर रात तक शहर के बाजार गुलजार रहते हैं। तमाम मस्जिदों में इशा की नमाज के बाद अलग-अलग वक्त में तरावीह में कुरआन मजीद की तिलावत होगी। इसके लिए मस्जिदों में तमाम तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। तरावीह के बाद लोग बाजारों में खूब खरीदारी करते हैं।
जामा मस्जिद में इशा की नमाज रात 8:30 बजे होगी। खतीबे आजम के पोते मौलाना मौलवी एहतेशाम उल्लाह खां कुरआन मजीद सुनाएंगे और तफ्सीर भी बयान करेंगे। तरावीह के दौरान रोजाना सवा सिपारे की तिलावत होगी।
—मुकर्रम रजा इनायती, सेक्रेट्री जामा मस्जिद इंतेजामिया कमेटी
ये भी पढ़ें-
रामपुर: रोडवेज बस की चपेट में आकर बाइक सवार मामा-भांजे की मौत
