शिवपाल यादव का भाजपा में जाने की अटकलें हुईं तेज, बेटे आदित्य के लिए तलाश रहे संभावनाएं

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

लखनऊ। प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में इस समय हलचल मची हुई है। वजह है प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया (प्रसपा) के प्रमुख शिवपाल सिंह यादव का पहले दिल्‍ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करना और फि‍र लखनऊ में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से मिलना। मुलाकातों के इस दौर में सियासी गर्मी पूरे उफान पर है। …

लखनऊ। प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में इस समय हलचल मची हुई है। वजह है प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया (प्रसपा) के प्रमुख शिवपाल सिंह यादव का पहले दिल्‍ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करना और फि‍र लखनऊ में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से मिलना। मुलाकातों के इस दौर में सियासी गर्मी पूरे उफान पर है।

सूत्रों के अनुसार शिवपाल यादव अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण है बेटे आदित्‍य यादव का प्रदेश की राजनीति में भविष्‍य सुरक्ष‍ित करना। शिवपाल यादव बेटे आदित्‍य के लिए संभावनाएं तलाश रहे हैं। अटकलें लग रही हैं कि आजमगढ़ से उपचुनाव में आदित्‍य यादव भी चुनावी मैदान में उतर कर ताल ठोक सकते हैं।

अब इस बात में कितनी सच्‍चाई है ये तो समय ही बताएगा लेकिन वर्तमान में शिवपाल सिंह यादव की मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से मुलाकात के बाद कई लोगों की नींद उड़ चुकी है।  अटकलें ये भी लग रही हैं कि भाजपा शिवपाल को अखिलेश यादव के इस्तीफा देने से रिक्त हुई आजमगढ़ संसदीय सीट के उप चुनाव में भी उतार सकती है यदि ऐसा होता है तो शिवपाल अपनी जसवंत नगर विधानसभा सीट से बेटे आदित्य यादव को उपचुनाव में भाजपा के टिकट से उतार सकते हैं।

बताया जा रहा है इस मुलाकात के तुरंत बाद मुख्यमंत्री योगी ने संगठन के बड़े नेताओं को चर्चा के लिए बुलाया था। साथ ही माना जा रहा है कि उन्हें भाजपा राज्यसभा भी भेज सकती है। भाजपा में जाने के कयास इसलिए भी लगाए जा रहे हैं क्योंकि शारदा प्रताप शुक्ला, शिव कुमार बेरिया सहित उनके कई करीबी नेता पहले ही भगवा खेमे में जा चुके हैं।

पदाधिकारियों के साथ की बैठक

शिवपाल सिंह ने योगी आदित्यनाथ से मिलने के बाद प्रसपा मुख्यालय पर पदाधिकारियों के साथ बैठक की। माना जा रहा है कि उन्होंने पदाधिकारियों से भाजपा में जाने की संभावनाओं पर चर्चा की। इसके साथ उन्होंने पदाधिकारियों से संगठन को सक्रिय रखने की बात कहीं।

भाजपा में अभी नहीं कोई वैकेंसी : केशव प्रसाद मौर्य

शिवपाल यादव के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर विराम लगाते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अभी भाजपा में कोई वैकेंसी नहीं हैं। उन्‍होंने कहा कि अभी तो हमारे यहां ऐसी कोई वैकेंसी नहीं है। पिछले दिनों अखिलेश यादव भी सदन में मुख्यमंत्री से मिले थे और भी कई लोग मिले। मुख्यमंत्री से कोई भी मिल सकता है। वे प्रदेश के 24 करोड़ जनता के मुख्यमंत्री हैं।

यह भी पढ़ें:-बरेली: जिला प्रबंधक को छोड़ने वाली एंटी करप्शन टीम सवालों में घिरी, वीडियो वायरल

संबंधित समाचार