कुमाऊं में रोडवेज प्रबंधन की अनदेखी कर्मचारियों पर पड़ रही भारी, काठगोदाम में गरजे कर्मचारी
हल्द्वानी, अमृत विचार। रोजाना लोगों के सफर को आसान बनाने वाले उत्तराखंड रोडवेज प्रबंधन की गाड़ी ठीक नहीं चल रही है। यही वजह है कि लंबे समय से कर्मचारी संगठन आंदोलन को मजबूर हैं। आज काठगोदाम रोडवेज वर्कशॉप के बाहर भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। यहां उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ के बैनर …
हल्द्वानी, अमृत विचार। रोजाना लोगों के सफर को आसान बनाने वाले उत्तराखंड रोडवेज प्रबंधन की गाड़ी ठीक नहीं चल रही है। यही वजह है कि लंबे समय से कर्मचारी संगठन आंदोलन को मजबूर हैं। आज काठगोदाम रोडवेज वर्कशॉप के बाहर भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। यहां उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने रोडवेज प्रबंधन और प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
कर्मचारियों ने बताया कि कुमाऊं मंडल में लंबे समय से सहायक महाप्रबंधक वित्त, सहायक महाप्रबंधक विधि जैसे जिम्मेदार पद खाली पड़े हुए हैं। इसका असर बसों के संचालन के साथ ही कर्मचारियों की समस्याओं के निस्तारण पर भी पड़ रहा है। बसों का संचालन प्रभावित होने से जहां निगम को लगातार घाटा उठाना पड़ रहा है वहीं समस्याएं निस्तारित न होने से कर्मचारियों में भी रोष है।
उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश संगठन मंत्री बालकृष्ण शर्मा ने बताया कि अक्टूबर 2021 से सहायक महाप्रबंधक वित्त और सहायक महाप्रबंधक विधि जैसे जिम्मेदार पदों पर नियुक्ति नहीं हो पाई है। ऐसे में कर्मचारियों की पदोन्नति, एसीपी समेत अन्य समस्याओं के साथ ही न्यायालयों में उचित पैरवी न होने के कारण परिवहन निगम को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सुधार के लिए संघ कई बार मुख्यालय को पत्र भेज चुका है, लेकिन किसी ने संज्ञान नहीं लिया। यही वजह है कि कर्मचारियों को मजबूरन अधिकारियों की तैनाती के लिए धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होना पड़ा है।
