उत्तराखंड: होली पर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के 700 से ज्यादा कर्मचारियों की छुट्टी रद्द, ये है वजह
हल्द्वानी, अमृत विचार। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) प्रशासन ने होली पर्व पर शिकार की आशंका के मद्देनजर 700 से अधिक कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी है। ये सभी कर्मी होली वाले दिन 18 मार्च को जंगल में मुस्तैदी से तैनात रहेंगे। इसके अलावा जंगल में ड्रोन, हाथी और घोड़ा गश्त से भी निगरानी की …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) प्रशासन ने होली पर्व पर शिकार की आशंका के मद्देनजर 700 से अधिक कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी है। ये सभी कर्मी होली वाले दिन 18 मार्च को जंगल में मुस्तैदी से तैनात रहेंगे। इसके अलावा जंगल में ड्रोन, हाथी और घोड़ा गश्त से भी निगरानी की जाएगी।
होली पर्व पर पर्यटकों की आड़ में शिकारियों के पार्क में प्रवेश करने का खतरा रहता है। खासकर, उत्तर प्रदेश सीमा से सटे 50 किमी का जंगल बहुत संवदेनशील है। कुछ साल पहले बावरिया गैंग भी उप्र बॉर्डर से दाखिल हुआ था इसलिए कॉर्बेट प्रशासन ने होली से पहले सीटीआर की सीमाओं को सील करने का फैसला किया है। यहां निगरानी के लिए तकरीबन एक दर्जन थर्मल कैमरे लगाए गए हैं। इसी के साथ ही सभी फील्ड कर्मचारियों की छुट्टी भी रद्द की गई है। इसके अलावा हाथी, घोड़े की गश्त और ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
सीटीआर में वन्यजीव वार्डन आरके तिवारी ने बताया कि होली पर सात सौ से अधिक फील्ड कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है।इसमें सभी स्थायी, संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मी शामिल हैं।
