पीलीभीत: महिला कोटेदार की गला दबाकर हत्या

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अमृत विचार,अमरिया। तिरकुनिया नसीर गांव में मकान में अकेली महिला कोटेदार की गला दबाकर हत्या कर दी गई। दीवार फांदकर रिश्तेदार मकान में घुसे तो शव पड़ा देख होश उड़ गए। गर्दन पर रस्सी तो शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। इसकी सूचना मिलने पर सीओ सदर पुलिस बल के साथ मौका मुआयना …

अमृत विचार,अमरिया। तिरकुनिया नसीर गांव में मकान में अकेली महिला कोटेदार की गला दबाकर हत्या कर दी गई। दीवार फांदकर रिश्तेदार मकान में घुसे तो शव पड़ा देख होश उड़ गए। गर्दन पर रस्सी तो शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। इसकी सूचना मिलने पर सीओ सदर पुलिस बल के साथ मौका मुआयना करने पहुंचे।

जमीन को लेकर पूर्व में हुए विवाद में एक रिश्तेदार पर घटना का शक जताया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज छानबीन शुरू कर दी है। घटना के चलते गांव में हड़कंप मचा रहा। अमरिया थाना क्षेत्र के तिरकुनिया नसीर गांव की निवासी नाजिया बेगम की शादी सात साल पहले हुई थी। उसके कोई बच्चा नहीं है। पति नौशाद मलिक की दो साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी।

पति की मौत के बाद राशन का कोटा नाजिया के नाम पर आ गया था। वह गांव के ही आबिद के खाली पड़े मकान में रहती थी। कभी-कभार भतीजे-भतीजी रूका करते थे। रविवार को कुछ ही दूरी पर स्थित बहनोई मुख्तार उर्फ मुन्ने के घर पर मेंहदी की रस्म थी। इसमें दिन भर नाजिया बेगम वहां रूकी रहीं। इसके बाद देर रात करीब एक बजे बहनोई उन्हें घर पर छोड़कर चला गया।

भतीजी 18 वर्षीय इफरा बहनोई के घर पर रूक गई थी। दूसरे दिन सोमवार सुबह बहनोई के घर से कुछ रिश्तेदार नाजिया को चाय-नाश्ता के लिए बुलाने आए। दरवाजा भीतर से बंद था। कई बार आवाज देने और फोन करने पर भी जवाब न मिला तो घबरा गए। शोर मचाकर ग्रामीण और रिश्तेदारों को जमा किया गया।

फिर सीढ़ी लगा दीवार फांदकर परिवार वाले मकान में घुसे। यहां नाजिया का शव पड़ा था। उसकी गला दबाकर हत्या की जा चुकी थी। गर्दन पर रस्सी के निशान थे। मुंह पर कपड़ा ठुंसा हुआ था और शरीर पर कई चोटें थी। कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सीओ सदर लल्लन सिंह अमरिया पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे।

फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड टीम को भी बुला लिया। काफी देर तक छानबीन चलती रही। जिसमें एक रिश्तेदार से बंटवारे का पुराना विवाद सामने आया। इसी को लेकर घटना किए जाने की आशंका जताई जाती रही। हालांकि जिस पर संदेह जताया गया था, वह भी गांव में ही देखा गया था। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुरागरसी के लिए अमरिया और एसओजी टीम को लगाया गया है। सर्विलांस से भी क्लू जुटाने का प्रयास पुलिस करती रही।

ये भी पढ़ें-

पीलीभीत: तराई में फैला सूदखोरों का मकड़जाल, सिस्टम बेहाल

संबंधित समाचार