बरेली: वंदे भारत एक्सप्रेस से लखनऊ और दिल्ली का सफर होगा आसान
बरेली, अमृत विचार। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रेल बजट पेश करते हुए 400 वंदे भारत ट्रेनें चलाने का ऐलान किया। उनके मुताबिक 3 साल के अंदर रेलवे द्वारा 400 वंदे भारत एक्सप्रेस चलाईं जाएंगी। वंदे भारत एक्सप्रेस की बात करें तो यह भारत की सबसे तेज चलने वाली ट्रेन है। इसकी अधिकतम गति 180 …
बरेली, अमृत विचार। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रेल बजट पेश करते हुए 400 वंदे भारत ट्रेनें चलाने का ऐलान किया। उनके मुताबिक 3 साल के अंदर रेलवे द्वारा 400 वंदे भारत एक्सप्रेस चलाईं जाएंगी। वंदे भारत एक्सप्रेस की बात करें तो यह भारत की सबसे तेज चलने वाली ट्रेन है। इसकी अधिकतम गति 180 किलोमीटर प्रति घंटा है। यह ट्रेन नई दिल्ली से वाराणसी और दिल्ली से कटरा के बीच चलती है।
जाहिर है जब इतनी बड़ी संख्या में वंदे भारत ट्रेनें चलाई जाएंगी तो इसका फायदा जाहिर तौर पर इज्जतनगर मंडल और मुरादाबाद मंडल के स्टेशनों के यात्रियों को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। बरेली वासियों ने इस घोषणा के बाद खुशी जाहिर की है। यात्रियों की मानें तो नई दिल्ली-लखनऊ वाया मुरादाबाद रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस अगर चलती है तो जाहिर तौर यह अपने आप में बड़ी उपलब्धि होगी। कम समय में दिल्ली और लखनऊ का सफर किया जा सकेगा।
मौजूदा वक्त में बरेली से दिल्ली या लखनऊ जाने के लिए पांच घंटे से अधिक तक लग जाते हैं, लेकिन वंदे भारत एक्सप्रेस इस रूट पर अगर चलती है तो स्थानीय कारोबारियों को काफी लाभ मिलेगा। –शानू काजमी, व्यापारी
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें देश भर में चलेंगी तो जाहिर है कि रेलवे की रीढ़ काफी मजबूत हो जाएगी। बस किराया रेलवे को मुनासिव वसूलना चाहिए, रेल बजट में सबसे खास वंदे भारत ही है। —पम्मी वारसी, समाजसेवी
यह ट्रेन 180 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलती है। अगर दिल्ली और लखनऊ जाने के लिए यह ट्रेन चलाई जाएगी तो व्यापारियों को काफी लाभ पहुंचेगा। उनके समय की बचत होगी। –अनिल कुमार, व्यापारी
वंदे भारत एक्सप्रेस अगर दिल्ली और लखनऊ के लिए चलती है तो इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ेगा। न सिर्फ दिल्ली बल्कि वाराणसी के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस चलाई जानी चाहिए। —गुलफाम अंसारी, समाजसेवी
