बरेली: शारदा देवी शिक्षक सम्मान से सम्मानित होंगे प्रो. चौथीराम और राजेंद्र
बरेली, अमृत विचार। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदेश के दो शिक्षाविदों को शारदा देवी शिक्षक सम्मान के लिए चुना गया है। सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा के क्षेत्र में उजियारा फैलाने वाले प्रख्यात आलोचक प्रो. चौथीराम यादव को 2020 और प्रसिद्ध कवि और आलोचक प्रो. राजेंद्र कुमार को 2021 …
बरेली, अमृत विचार। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदेश के दो शिक्षाविदों को शारदा देवी शिक्षक सम्मान के लिए चुना गया है। सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा के क्षेत्र में उजियारा फैलाने वाले प्रख्यात आलोचक प्रो. चौथीराम यादव को 2020 और प्रसिद्ध कवि और आलोचक प्रो. राजेंद्र कुमार को 2021 के लिए प्रयागराज में होने वाले कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। शारदा देवी ट्रस्ट द्वारा गठित निर्णायक समिति के चयन के आधार पर उत्कृष्ट कार्यों के लिए यह सम्मान हर वर्ष दिया जाता है।
शारदा देवी ट्रस्ट की अध्यक्ष संध्या नवोदिता सिंह ने बताया कि निर्णायक समिति द्वारा चयनित प्रो. राजेंद्र कुमार इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शिक्षा के जरिए साहित्य के माध्यम से समाज में समानता के मूल्यों के प्रसार में अहम भूमिका में रहे हैं। अब भी सामाजिक सरोकारों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। शारदा देवी सम्मान के लिए चयनित काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्रो. चौथीराम यादव को उनके लेखन, जीवट भरे व्यक्तित्व और लगन से युवाओं की कई पीढ़ियों को तैयार कर समाज निर्माण के लिए दिया जा रहा है। वह अपने सेवाकाल के बाद भी युवा सहित पूरे समाज को साहित्य के माध्यम से जोड़ने में जुटे हुए हैं।

संध्या नवोदिता सिंह ने बताया कि यह सम्मान राष्ट्रीय स्तर पर हर वर्ष ऐसे शिक्षक को दिया जाता है जो सामाजिक सरोकारों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हों और अध्यापन के साथ समाज निर्माण में सक्रिय रहे हों। यह सम्मान बरेली जिले में कार्यरत रहीं प्रधानाध्यापिका स्वर्गीय शारदा देवी के नाम पर दिया जाता है जिन्होंने अपना पूरा जीवन बालिका शिक्षा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने अनगिनत लड़कियों को पढ़ाने और अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए हरसंभव प्रयास किया। अंतत: 53 वर्ष की उम्र में कैंसर की बीमारी से जूझते हुए जीवन को अलविदा कह गयीं।
बीते दो वर्षों से कोरोना महामारी के कारण सम्मान समारोह का आयोजन नहीं हो पाने के कारण जनवरी के अंत तक सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। उधर, शिक्षक सम्मान के लिए गठित तीन सदस्यीय निर्णायक समिति, जिनमें बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के प्रो. आशीष त्रिपाठी, लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रो.सूरज बहादुर थापा और ‘वर्तमान साहित्य’ के सम्पादक डा. संजय श्रीवास्तव शामिल हैं। उन्होंने ने इस सम्मान के नाम घोषित करते हुए अपने विशिष्ट शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त कर बधाई दी। कार्यक्रम का आयोजन शारदा देवी ट्रस्ट द्वारा किया जाएगा।
