संभल : दो पक्षों में फायरिंग और पथराव में 7 जख्मी, 6 लोग गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। चार वर्षों की रंजिश में दो पक्षों के बीच मंगलवार को गोलीबारी और पथराव हुआ। इसमें सात लोग घायल हो गए। वहीं, छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना धनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कूबरीभूड गांव की है। यहां जगदीश पुत्र विशंबर और श्यौराज पुत्र रघुवीर में रंजिश चल रही है। …

संभल, अमृत विचार। चार वर्षों की रंजिश में दो पक्षों के बीच मंगलवार को गोलीबारी और पथराव हुआ। इसमें सात लोग घायल हो गए। वहीं, छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना धनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कूबरीभूड गांव की है। यहां जगदीश पुत्र विशंबर और श्यौराज पुत्र रघुवीर में रंजिश चल रही है।

मंगलवार को किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच पहले गाली-गलौज हुई। फिर दोनों पक्षों के लोग अपनी-अपनी छत पर चढ़कर एक-दूसरे पर पथराव करने लगे। दोनों ओर से काफी देर तक पथराव हुआ। इसी बीच एक व्यक्ति तमंचा लेकर लाया और फायरिंग करने लगा। दोनों पक्षों की ओर से सात लोग घायल हो गए।

इस दौरान आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। किसी ने फायरिंग का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। ग्रामीणों ने पथराव और फायरिंग की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को गुन्नौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है। एसपी चक्रेश मिश्र ने बताया कि धनारी के गांव कूबरीभूड में दो पक्षों में पथराव और फायरिंग में सात लोग घायल हुए हैं। हालांकि फायरिंग से कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ है। दोनों पक्षों की तरफ से तीन-तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

संबंधित समाचार