निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने थामा भाजपा का साथ, भीमताल बीजेपी में बढ़ी हलचल

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव 2022 की सुगबुगाहट के बीच राजनेताओं के पार्टी बदलने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इस कड़ी में अब भीमताल से निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा भी शामिल हो गए हैं। दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में राम सिंह कैड़ा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी, …

हल्द्वानी, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव 2022 की सुगबुगाहट के बीच राजनेताओं के पार्टी बदलने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इस कड़ी में अब भीमताल से निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा भी शामिल हो गए हैं। दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में राम सिंह कैड़ा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी, राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, कैबिनेट मंत्री स्मृति ईरानी  की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि विधानसभा में राम सिंह कैड़ा का प्रदर्शन शानदार रहा। भीमताल क्षेत्र में कैड़ा की लोकप्रियता से पार्टी को लाभ मिलेगा। कैबिनेट मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों से प्रेरित होकर वो व्यक्ति जिन्होंने छात्र राजनीति से लेकर राज्य आंदोलन तक योगदान दिया, उनका भाजपा में स्वागत है। उन्होंने राम सिंह कैड़ा को भाजपा में शामिल होने पर बधाई दी।

राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राजनीति के लिए काम नही करती बल्कि समाजसेवा के लिए काम करती है। नौ नवंबर 2000 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी ने उत्तराखंड राज्य की घोषणा की थी, उसके बाद मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्य हो रहे हैं‍। उन्होंने कहा कि मैं कसम खाता हूं कि आजीवन भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कार्य करूंगा।

 

इसके साथ ही कैड़ा के 2022 में भाजपा के टिकट से भीमताल विधानसभा से चुनाव लड़ने के संभावना भी बलवती हो गई है। वहीं कैड़ा के भाजपा में शामिल होने के बाद भीमताल से विधानसभा चुनाव में दावेदारी की तैयारी कर रहे पार्टी के नेताओं में हलचल बढ़ गई है।

बता दें कि कुछ दिन पहले ही कैड़ा की भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक से मुलाकात हो चुकी है। इससे पहले पुरोला से कांग्रेस विधायक राजकुमार और धनोल्टी से निर्दलीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कुछ समय पहले दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। राजकुमार तो विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा भी दे चुके हैं।