अयोध्या: पुलिस की तीसरी आंख को मोतियाबिंद, शहर में लगे सीसीटीवी कैमरे बने शो पीस

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अयोध्या। बीते शनिवार को फैजाबाद शहर में लुटेरों ने दिनदहाड़े दो लाख लूट लिए और फरार हो गए। घटना शहर के अति व्यस्त इलाके सिविल लाइन में हुई है। शहर में प्रशासन ने चौराहों पर जो सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं वो अधिकांश खराब हैं। पुलिस के लिए यह लूट चुनौती बन गई है। घटना का …

अयोध्या। बीते शनिवार को फैजाबाद शहर में लुटेरों ने दिनदहाड़े दो लाख लूट लिए और फरार हो गए। घटना शहर के अति व्यस्त इलाके सिविल लाइन में हुई है। शहर में प्रशासन ने चौराहों पर जो सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं वो अधिकांश खराब हैं। पुलिस के लिए यह लूट चुनौती बन गई है। घटना का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हो गई हैं। लूट की घटना के दिन शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सहित कई हस्तियां शहर में मौजूद थी। अपराधियों ने पुलिस की व्यस्तता का लाभ उठाकर लूट की घटना को अंजाम दिया।

महेश पांडेय नामक व्यक्ति शहर के सिविल लाइन इलाके में स्थित पंजाब नेशनल बैंक में पैसा जमा करने आया था। दो पहिया वाहन से आए लुटेरे बैंक के पहले ही पैसा लूटकर चंपत बने। सिविल लाइन एरिया शहर का सबसे पाश इलाका है और पुलिस सहित सभी अधिकारियों के आवास व आफिस इसी इलाके में हैं। फैजाबाद-अयोध्या जुड़वां शहर को सीसीटीवी कैमरों से लैस कर अपराध नियंत्रण की योजना दम तोड़ चुकी है। वाहनों की चोरी, छिनैती के साथ लूट की भी वारदातें बढ़ रही हैं। पुलिस दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से अपराधियों को खोजती है।

जनपद में लगभग सवा साल पहले पुलिस कप्तान रहे आशीष तिवारी की मंशा जिले की निगरानी को हाईटेक बनाने की थी। सुरक्षा तंत्र की मजबूती के लिए शहर और बाजारों में प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगने थे लेकिन समस्या बजट की थी। विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अपनी निधि से पुलिस प्रशासन को कैमरे उपलब्ध कराए। सीसीटीवी कैमरों से अपराध नियंत्रण की व्यवस्था को मुकम्मल बनाने के लिए उस समय एसएसपी ने तत्कालीन सीओ सिटी अरविंद चौरसिया को जिम्मेदारी सौंपी थी। योजना यह भी थी कि कुछ मोबाइल कैमरे भी लगवाए जाएं लेकिन दोनों अधिकारियों का स्थानांतरण होने से योजना परवान ना चढ़ सकी।

शहर से गुजरने वाले लखनऊ गोरखपुर हाईवे के प्रमुख ओवरब्रिजों, चौराहों के साथ कुछ चिन्हित मोहल्लों में सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। छेड़छाड़, छिनैती, लूट सहित यातायात नियम तोड़कर भागने वालों की पहचान करने के लिए लगे ये सीसीटीवी कैमरे अब शो पीस बन चुके हैं। अयोध्या आतंकी घटनाओं को लेकर भी हाई अलर्ट पर रहती है। मंदिर निर्माण के चलते आए दिन अतिविशिष्ट हस्तियों का आना जाना रहता है। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तो आते ही हैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या आने का रिकॉर्ड बना चुके हैं। इसके बावजूद जनपद में अपराध बढ़ ही रहा है। पुलिस इन घटनाओं के पर्दाफाश के लिए दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का सहारा ले रही है।

संबंधित समाचार