रायबरेली: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया 264 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास
रायबरेली। जिले में मंगलवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 264 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान साथ ही 200 करोड़ की लागत से फतेहपुर और रायबरेली को जोड़ने वाले दो पुल के निर्माण की बात कही। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। खासकर सपा के …
रायबरेली। जिले में मंगलवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 264 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान साथ ही 200 करोड़ की लागत से फतेहपुर और रायबरेली को जोड़ने वाले दो पुल के निर्माण की बात कही। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। खासकर सपा के अध्यक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें पार्टी का चुनाव निशान बदलकर एके 47 कर देना चाहिए।
वहीं, खराब मौसम और बारिश के बीच पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि जब वह राजनीति नहीं करते थे तो रायबरेली में बहुत विकास होने की बात सुनते थे। लेकिन जब राजनीति में आए तो सारी सच्चाई सामने आ गई। रायबरेली और अमेठी में विकास के नाम पर छलावा किया गया है।

कांग्रेस, सपा व बसपा ने कागजों पर विकास किया है, वहीं भाजपा ने धरातल पर विकास कार्य किया है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि भाजपा रायबरेली को ही नहीं बल्कि पूरे देश को गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार से मुक्त कराने में लगी है। भाजपा अच्छा कहती है और अच्छा करती है। उप मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि संसद में राजीव गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार यदि किसी जगह एक रुपया भेजती है तो केवल 15 पैसे विकास में लगता है। इस बात को भाजपा ने पलट दिया है। अब केंद्र सरकार का पूरा पैसा योजनाओं में लग रहा है।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पूरे प्रदेश में सड़क और पुलों का निर्माण कराया है। उम्मीद है कि 2017 से अधिक सीटें 2022 के चुनाव में आएंगी। विपक्षी दलों को निशाना बनाते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए विपक्षी दल तमाम हथकंडे अपना रहे हैं। जाति से लेकर वर्ग तक को बांटने का काम कर रहे हैं। लेकिन उनके मंसूबे सफल नहीं होंगे। इसके पूर्व उप मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न सड़क योजनाओं का शिलान्यास किया।

साथ ही बताया कि फतेहपुर के ओम घाट से रालपुर तक 146 करोड़ का पुल बनेगा जो न केवल रायबरेली बल्कि बुंदेलखंड की राह को आसान करेगा। वहीं एक पुल फतेहपुर से ऊंचाहार को जोड़ने के लिए बन रहा है। जिसका लोकार्पण नवंबर में होने की संभावना है। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वह पूरी ताकत से बूथ जिताने में जुट जाए। सरकार की नीतियों और कामकाज का गांव-गांव प्रचार-प्रसार हो तभी मिशन 2022 जीता जाएगा।
