कोरोना योद्धाओं को सम्मानित कर कांग्रेस ने मनाई राजीव गांधी की 77वीं जयंती
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 77वीं जयंती पर शुक्रवार को यहां प्रदेश कांग्रेस ने कोरोना योद्धाओं को सम्मानित किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में राजीव गांधी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजीव …
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 77वीं जयंती पर शुक्रवार को यहां प्रदेश कांग्रेस ने कोरोना योद्धाओं को सम्मानित किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में राजीव गांधी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के प्रयासों से देश में कंप्यूटर एवं अन्य तकनीक का उपयोग कई क्षेत्रों में शुरू हुआ जो समय के साथ बढ़ा, जिसका आज नरेंद्र मोदी सरकार उपयोग कर रही है, लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि सरकार महान नेता का नाम कागजों से मिटा रही है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का नाम अमर रहेगा। उन्हें कागजों में मिटाया जा सकता है, लेकिन लोगों के दिलों से हटाया नहीं जा सकता।
चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विभाजनकारी नीतियों के कारण गत सात वर्षों में देश 20 साल पीछे चला गया है। आम जनता को अब समझ में आने लगा और वह समय आने पर उसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा कर जवाब देगी।
चौधरी ने प्रदेश मुख्यालय में आयोजित सभा में कोरोना योद्धाओं को सम्मानित किया और गरीब महिलाओं को साड़ियां भेंट की। इस अवसर पर महिला कांग्रेस नेता नगमा, युवा कांग्रेस और कांग्रेस सेवा दल नेताओं के अलावा दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री नरेंद्र नाथ, पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज, राजेश लिलौठिया और कई पूर्व विधायक एवं निगम पार्षद समेत अनेक नेताओं ने राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
