हल्द्वानी: भाजपा की चुनावी तैयारी शुरू, योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ ही जनता से मांगेगी आशीर्वाद
हल्द्वानी, अमृत विचार। विस चुनाव नजदीक आते ही भाजपा ने जनता के बीच जाने की रणनीति तैयार कर ली है। इसके तहत जन आशीर्वाद यात्रा निकालने की योजना है। यात्रा के जरिये सरकार कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी। योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ ही जनता का आशीर्वाद भी मांगेगी। वर्ष …
हल्द्वानी, अमृत विचार। विस चुनाव नजदीक आते ही भाजपा ने जनता के बीच जाने की रणनीति तैयार कर ली है। इसके तहत जन आशीर्वाद यात्रा निकालने की योजना है। यात्रा के जरिये सरकार कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी। योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ ही जनता का आशीर्वाद भी मांगेगी।
वर्ष 2022 में होने वाले विस चुनाव को देखते हुए भाजपा सांगठनिक तैयारियों में जुटी है। भाजपा के रणनीतिकारों ने 17 अगस्त से जन आशीर्वाद यात्रा शुरू करने की योजना तैयार की है। राज्य के पांच जिलों देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर, नैनीताल, अल्मोड़ा में यात्रा का आयोजन होगा। यह यात्रा 19 अगस्त तक चलेगी। यात्रा के दौरान केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाया जाएगा। सरकार के कामकाज की तस्वीर जनता के सामने रखी जाएगी।
जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभांवितों का आशीर्वाद लिया जाएगा। यात्रा के जरिये भाजपा अपनी रीति-नीति का प्रचार भी करेगी। इस आयोजन की तैयारी और रोडमैप को अंतिम रूप दिया जा रहा है। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने आयोजन की तैयारियों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अब हर कार्यकर्ता को पूरी लगन और निष्ठा के साथ काम करना है।
मंत्रियों-विधायकों की जिम्मेदारी तय
जन आशीर्वाद यात्रा के लिए सरकार के मुखिया के साथ ही मंत्रियों-विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की गई है। जन आशीर्वाद यात्रा में स्थानीय विधायकों के साथ ही मंत्री भी शामिल होंगे। इस यात्रा में पार्टी पदाधिकारियों की भी भूमिका रहेगी। आशीर्वाद यात्रा की सफलता का दारोमदार मंत्रियों-विधायकों के साथ ही पदाधिकारियों के कंधों पर रहेगा। इसके लिए विधानसभा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की जा रही है।
समस्याओं के बारे में लेंगे जानकारी
जन आशीर्वाद यात्रा के जरिये विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से फीडबैक भी जुटाया जाएगा। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने वाले लोगों से उनके व्यवहारिक अनुभव जाने जाएंगे। योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी हासिल की जाएगी। लोगों से उनकी समस्याओं को जानकर उनका हल निकालने का प्रयास किया जाएगा। सरकार हर व्यक्ति के साथ खड़ी है।
