बदायूं: छोटे भाई ने किया पथराव, घायल बड़े भाई ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

बदायूं: छोटे भाई ने किया पथराव, घायल बड़े भाई ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

बदायूं,अमृत विचार: सिंचाई के पाइप के रुपयों के लेनदेन को लेकर एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अपने बड़े भाई पर जानलेवा हमला किया। गाली-गलौज की और पथराव करके बड़े भाई को घायल कर दिया। उन्हें बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार होने पर परिजनों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया लेकिन गुरुवार देर शाम युवक की मौत हो गई। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के बेटे की तहरीर पर आरोपी दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। 

थाना हजतपुर क्षेत्र के गांव बघौरा निवासी रघुवीर (63) और धर्मपाल पुत्र रामस्वरूप दो भाई थे। दोनों के अलग-अलग खेत हैं। जो आसपास हैं। दोनों के खेत में फसल की सिंचाई के लिए एक ही नलकूप है। कुछ दिनों से नलकूप का बोरिंग बंद हो गया था। जिसके चलते रघुवीर ने उसका पाइप निकालकर बेच दिया था। जिसके 1200 रुपयों को लेकर रघुवीर और धर्मपाल के बीच कहासुनी हुई।

दो मई को दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। धर्मपाल और उसके पत्नी निर्मला ने रघुवीर से गाली-गलौज शुरू कर दी। धर्मपाल और निर्मला ने रघुवीर पर पथराव किया। रघुवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने हायर सेंटर रेफर किया। 

परिजनों ने उन्हें बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत में सुधार होने पर परिजन उन्हें वापस लाए और राजकीय मेडकिल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान गुरुवार देर शाम रघुवीर ने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के बेटे राजेश की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी धर्मपाल और निर्मला के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे ने तहरीर दी थी। दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- बदायूं: पड़ोसी के घर में पेड़ पर फंदे पर मिला महिला का शव, हत्या का आरोप