बदायूं: पड़ोसी के घर में पेड़ पर फंदे पर मिला महिला का शव, हत्या का आरोप

बदायूं: पड़ोसी के घर में पेड़ पर फंदे पर मिला महिला का शव, हत्या का आरोप

फाईल फोटो

बदायूं/ सहसवान,अमृत विचार: सहसवान क्षेत्र के एक गांव कि निवासी महिला का शव पड़ोस के घर में पेड़ पर फंदे पर लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि पांच लोग गुरुवार रात उनके घर पर आए थे। महिला के दो बच्चों को बंधक बनाया। महिला का अपहरण करके ले गए। अपने घर ले जाकर महिला की हत्या करके शव फंदे पर लटका दिया।

शुक्रवार सुबह सूचना पर पुलिस पहुंची। शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसमें हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई है। महिला के भाई ने दो नामजद समेत पांच आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली सहसवान क्षेत्र के गांव गहलौर निवासी हरपाल खेती करते हैं।

गुरुवार को वह फसल की रखवाली करने खेत पर गए थे। उनकी पत्नी सरस्वती (38) और दो बेटे सौरभ व दुर्गेश घर पर थे। शुक्रवार सुबह सरस्वती का शव उनके घर से तकरीबन 100 मीटर दूर कल्याण के घर में पेड़ पर फंदे पर लटका मिला।

सरस्वती के छोटे भाई कोतवाली बिसौली क्षेत्र के गांव सिचौली निवासी धर्मेंद्र पुत्र बाबूराम ने बताया कि सरस्वती के घर के पड़ोसी के साथ उसके दो भांजे रहते हैं। जिसने हरपाल से एक लाख रुपये उधार लिए थे। रुपये वापस मांगने पर चार दिन पहले पड़ोसी और उसके भांजों ने विवाद किया था।

ग्रामीणों ने मामला शांत करा दिया था। गुरुवार शाम भी रुपयों को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि रात में पड़ोसी अपने भांजों के साथ हरपाल के घर पर आया। हरपाल के दोनों बेटों के हाथ बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और हरपाल की पत्नी सरस्वती का अपहरण करके अपने घर पर ले गए। हरपाल के घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। 

शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े पांच बजे हरपाल का भतीजा दिनेश खेत पर जा रहा था। हरपाल के बंधक बेटे भीतर से दरवाजा खटखटा रहे थे। दरवाजा बाहर से बंद था। उन्होंने दरवाजा खोला। भीतर देखा तो दोनों बच्चों के मुंह में कपड़ा बंधा था। दिनेश ने दोनों के मुंह से कपड़ा निकाला और रस्सी से बंधे हाथ खोले। बच्चों ने बताया कि उनका पड़ोसी, दो भांजे समेत पांच लोग घर आए थे और सरस्वती को ले गए।

दिनेश ने खेत पर हरपाल को सूचना दी और पड़ोसी के घर गए। जहां पेड़ पर साड़ी से सरस्वती का शव लटका था। परिवार के सभी लोग घर से फरार हो गये। ग्रामीणों की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सौरभ सिंह गांव पहुंचे। शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला की मौत हुई थी। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- बदायूं: शराब पीकर टावर पर चढ़ा युवक, नीचे गिरकर मौत