रामपुर : खेत में दवा छिड़क रहा किसान हुआ बेहोश, अस्पताल में तोड़ा दम 

 किसान की मौत पर परिजनों में मचा कोहराम, सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस कराया पोस्टमार्टम

रामपुर : खेत में दवा छिड़क रहा किसान हुआ बेहोश, अस्पताल में तोड़ा दम 

जिला अस्पताल में बैठे मृतक किसान के गमजदा परिजन।

रामपुर, अमृत विचार। खेत में दवा का छिड़काव कर रहा किसान बेहोश होकर गिर गया। आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान बेहोश किसान को उपचार कराने अस्पताल ले गए, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। किसान की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में भेज दिया है।  

मामला  मिलक थाना क्षेत्र के गांव पशुपुरा से जुड़ा है। यहां के रहने वाले ब्रजलाल का बेटा 32 वर्षीय छोटे लाल पेशे से किसान है। वह बुधवार को दोपहर के समय खेत में दवा का छिड़काव कर रहा था कि अचानक बेहोश होकर खेत में गिर गया। किसान को खेत में गिरा देखकर आसपास खेतों पर काम कर रहे लोग मौके की ओर दौड़ पड़े थे। सूचना मिलने के बाद किसान के परिजन भी आ गए। उसके बाद मिलक में स्थित एक निजी अस्पताल में किसान को भर्ती कराया गया और उपचार के दौरान उसकी शुक्रवार की सुबह मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में  पोस्टमार्टम हो जाने के बाद  शव को परिजनों  के हवाले कर दिया गया।

मृतक के दो लड़की और एक लड़का
किसान छोटेलाल की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि वह खेती किसानी करके परिवार पेट पालता था। अब उसकी मौत के बाद उसके बच्चों की देखभाल कौन करेगा? मृतक किसान के तीन बच्चे हैं। जिसमे दो लड़की और एक लड़का है। किसान की मौत की जानकारी मिलने के उसके घरों पर लोगों का आना जाना लगा हुआ है।

ये भी पढ़ें : रामपुर : बच्चों के विवाद में ग्रामीण को लाठी-डंडों से पीटकर किया घायल, चार पर रिपोर्ट