बदायूं: पत्नी का सिर फोड़ा, खुद को किया घायल और फंदा लगाकर दी जान

बदायूं: पत्नी का सिर फोड़ा, खुद को किया घायल और फंदा लगाकर दी जान

बदायूं, अमृत विचार। मानसिक रूप से परेशान चल रहे फल विक्रेता ने चार दिन पहले झगड़े के बाद अपनी पत्नी का सिर फोड़ दिया। फिर खुद को भी घायल कर लिया। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वह बुधवार शाम अस्पताल से बिना बताए चले गए। छोटे सरकार की दरगाह के पास जंगल में पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। 

सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नाहर खां सराय निवासी इशहाक (45) मुस्ताक अली फल का ठेला लगाते थे। वह लगभग एक महीने से किसी बात को लेकर परेशान रहने लगे थे। न तो सही से खाना खाते थे और न ही किसी से बात करते थे। चार दिन पहले किसी बात को लेकर उनका अपनी पत्नी के साथ विवाद हो गया था। उन्होंने पत्नी का सिर फोड़ दिया। जिसके बाद खुद को भी घायल कर लिया था। वह लहूलुहान हो गए थे। 

परिजनों ने उन्हें लालपुल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। वह बुधवार सुबह बिना किसी को बताए अस्पताल से निकल गए थे। परिजनों को चिंता हुई। उनकी तलाश शुरू की। कुछ ही देर के बाद इशहाक वापस अस्पताल आ गए। बुधवार शाम लगभग छह बजे भी इशहाक बिना किसी को बताए अस्पताल से चले गए। परिजनों ने फिर से तलाश की लेकिन सुबह जाने के बाद खुद वापस आने के बारे में सोचकर पुलिस से शिकायत नहीं की। 

गुरुवार सुबह छोटे सरकार दरगाह के पास जंगल में पेड़ पर उनका शव लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को फंदे से नीचे उतारा। शिनाख्त करके इशहाक के परिजनों को सूचना दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज। परिजन पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे। 

परिजनों ने बताया कि करीब एक महीने से इशहाक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं चल रहा था। वह आए दिन परिजनों से झगड़ा करते थे। बिना किसी को सूचना दिए अक्सर चले जाते थे। बाद में वापस भी आ जाते थे लेकिन बार वापस लौटकर नहीं आए। सदर कोतवाल विजेंद्र सिंह ने बताया कि पेड़ पर युवक का शव मिला था। पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।

ये भी पढे़ं- बदायूं: सपा प्रत्याशी को वोट देने के लिए दिया प्रलोभन, पूर्व प्रधान पर रिपोर्ट दर्ज